केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट के विरोध के बीच स्थानीय लोगों को उनकी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का आश्वासन दिया। अमित शाह ने सियांग बांध विरोध पर दिया आश्वासन। स्थानीय संस्कृति, परंपराओं की रक्षा का वादा किया।
कहा, बातचीत के जरिए ही समाधान निकाला जाएगा। डिजिटल डेस्क, ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित 11200 मेगावाट के सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (SUMP) को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे।
राजधानी ईटानगर के पास बांदरदेवा स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनकी परंपराओं, संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं की पूरी तरह रक्षा करेगी और बातचीत के जरिए ही आगे का रास्ता निकाला जाएगा। इस मुद्दे पर अपने पहले सार्वजनिक बयान में गृह मंत्री अमित शाह ने स्वीकार किया कि स्थानीय लोगों की कुछ चिंताएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि मैं सियांग क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और आशंकाओं से अच्छी तरह वाकिफ हूं। मैं आपकी चिंताओं को सीधे तौर पर दूर करने के लिए ही अरुणाचल प्रदेश आया हूं। स्थानीय समुदाय को संबोधित करते हुए शाह ने आगे कहा कि मैं सियांग के अपने भाइयों और बहनों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम सकारात्मक बातचीत के जरिए आगे का रास्ता निकालेंगे।
आपको चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। अपने संबोधन में शाह ने आगे कहा कि स्थानीय संस्कृति के प्रति सरकार और मेरे मन में भी उतना ही सम्मान है, जितना आपके मन में है। हम यहां की परंपरा, संस्कृति और धर्म से कोई समझौता किए बिना ही आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ संवाद करें और राज्य प्रशासन के माध्यम से अपनी बात केंद्रीय गृह मंत्रालय तक पहुंचाएं। बता दें कि अरुणाचल के सियांग और ऊपरी सियांग जिलों में रहने वाले मूल निवासी आदि समुदाय के लोग और कई स्थानीय संगठन इस मेगा डैम प्रोजेक्ट का कड़ा विरोध कर रहे हैं।
हाल के महीनों में यह विरोध काफी तेज हो गया है और इसके कारण इस प्रकार है अस्तित्व और संस्कृति का संकट- आदि समुदाय के कई परिवारों के लिए सियांग नदी केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह उनके इतिहास, पारंपरिक मान्यताओं और सांस्कृतिक रीति-रिवाजों से गहराई से जुड़ी हुई है।
उन्हें डर है कि इस बांध से उनके पुश्तैनी गांव, जमीन और सांस्कृतिक पहचान खत्म हो जाएगी। पर्यावरण और भूकंप का खतरा- स्थानीय निवासियों और संगठनों का कहना है कि सियांग घाटी का पर्यावरण बेहद संवेदनशील है और यह इलाका भूकंप के लिहाज से भी खतरनाक जोन में आता है। ऐसे में यहां इतने बड़े स्तर पर निर्माण कार्य के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं