LIC Banking Plans: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC अब अपने कारोबार का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है। कंपनी सिर्फ इंश्योरेंस और हाउसिंग फाइनेंस तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि एक बड़े Financial Conglomerate के रूप में उभरने की महत्वाकांक्षा रखती है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में LIC के कारोबार में बैंकिंग और दूसरी वित्तीय सेवाएं भी शामिल हो सकती हैं।
एक मीडिया हाउस को दिे गए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में LIC के MD और CEO आर डोराईस्वामी ने कंपनी के भविष्य के रोडमैप, बैंकिंग सेक्टर में एंट्री और AI के इस्तेमाल को लेकर अहम बातें बताई हैं। बैंकिंग सेक्टर में उतर सकती है LIC? LIC के CEO आर डोराईस्वामी के मुताबिक, फिलहाल बीमा कंपनियों को बैंक का प्रमोटर बनने की अनुमति नहीं है।
हालांकि, अगर भविष्य में नियामकीय नियमों में बदलाव होता है, तो LIC बैंकिंग सेक्टर में प्रवेश की संभावनाओं पर दोबारा विचार कर सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि LIC Housing Finance के जरिए किसी बैंक का अधिग्रहण करने की संभावना को भी कंपनी परख सकती है। बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट के तहत LIC Housing Finance इस तरह के अधिग्रहण के लिए तकनीकी रूप से पात्र हो सकती है।
डोराईस्वामी ने IDBI Bank में LIC की हिस्सेदारी को एक विशेष परिस्थिति से जुड़ा मामला बताया। उनके मुताबिक, उस समय बैंक को स्थायी पूंजी की जरूरत थी, जिसके चलते LIC ने इसमें निवेश किया था। अब वह उद्देश्य पूरा हो चुका है और केंद्र सरकार के साथ LIC भी अपनी हिस्सेदारी घटा रही है।
LIC का एजेंट नेटवर्क कंपनी के कारोबार का अहम हिस्सा है। डोराईस्वामी के मुताबिक, कंपनी के पास 13 लाख से अधिक व्यक्तिगत एजेंट हैं। IRDAI के प्रस्तावित नए कमीशन नियमों और Expenses of Management (EoM) को लेकर LIC ने नियामक को डेटा आधारित सुझाव दिए हैं।
कंपनी का मानना है कि इन बदलावों का उद्देश्य बीमा बिक्री की लागत को तर्कसंगत बनाना और ग्राहकों को ज्यादा फायदा पहुंचाना है। LIC अपने प्रोडक्ट मिक्स में भी बदलाव कर रही है। कंपनी ने 2022 में IPO के बाद से Non-Participating यानी Non-Par प्रोडक्ट्स पर फोकस बढ़ाया है।
कंपनी का लक्ष्य FY27 के अंत तक अपने प्रोडक्ट मिक्स में एक-तिहाई Non-Par और दो-तिहाई Par प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी हासिल करना है। इस रणनीति का असर VNB (Value of New Business) मार्जिन पर भी दिखा है। कंपनी का मार्जिन पहले करीब 14% था, जो बढ़कर लगभग 22% पहुंच गया है।
हालिया नतीजों में इसमें 400 बेसिस पॉइंट से ज्यादा का विस्तार दर्ज किया गया है। LIC अपने ऑपरेशंस में Artificial Intelligence का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। कंपनी AI की मदद से ऑनबोर्डिंग, पॉलिसी रिन्यूअल रिमाइंडर्स, क्लेम डॉक्यूमेंटेशन और फ्रॉड डिटेक्शन जैसे काम कर रही है।
डोराईस्वामी ने स्पष्ट किया कि AI का इस्तेमाल कर्मचारियों की छंटनी के लिए नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर तकनीकी टूल्स उपलब्ध कराने और ग्राहक सेवा में सुधार करने के लिए किया जाएगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं