Delimitation Bill DMK Rejects Congress Demand Reason: तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को परिसीमन के मुद्दे पर मनाने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के नेताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। रविवार (29 नवंबर) को चेन्नई में स्टालिन के आवास पर करीब 70 मिनट तक चली बैठक में कांग्रेस ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए डीएमके का समर्थन मांगा।
हालांकि, बैठक के बाद स्टालिन ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी अपने रुख पर कायम है। बैठक की शुरुआत में स्टालिन ने राहुल गांधी का स्वागत किया और उनसे गले मिले। लेकिन परिसीमन के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
बैठक खत्म होने के बाद स्टालिन नेताओं को विदा करने के लिए प्रवेश द्वार तक आए। इस मुलाकात के बाद परिसीमन को लेकर INDIA गठबंधन के भीतर मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस जहां प्रस्तावित विधेयक का विरोध कर रही है, वहीं डीएमके का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में विधेयक का समर्थन करने के अलावा उसके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बैठक के बाद कहा कि विपक्षी नेताओं ने स्टालिन के सामने परिसीमन को लेकर अपनी चिंताएं रखीं। उन्होंने इसे तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और देश के लिए खतरा बताया। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने स्टालिन से इस खतरे के खिलाफ खड़े होने की अपील की।
उनके मुताबिक, भाजपा और आरएसएस की विचारधारा तमिल संस्कृति और भाषा के लिए चुनौती है। राहुल ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि डीएमके भी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ उसके साथ खड़ी हो। हालांकि, जब उनसे डीएमके के रुख के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि डीएमके ने इस मुद्दे पर क्या कहा या क्या किया है।
उन्होंने केवल यह बताया कि बैठक में उनकी ओर से क्या बातें रखी गईं। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने बैठक के बाद कहा कि उनकी पार्टी का रुख पहले जैसा ही है। उन्होंने तर्क दिया कि अगर परिसीमन विधेयक गिर जाता है, तो तमिलनाडु को मिलने वाली मौजूदा सुरक्षा भी खत्म हो सकती है।
स्टालिन के मुताबिक, यदि 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता है, तो तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के राज्यों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने इसे दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक अस्तित्व से जुड़ा सवाल बताया। स्टालिन ने कहा कि संसद में डीएमके की ताकत का इस्तेमाल करते हुए पार्टी ने अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने की कोशिश की है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में भावनात्मक या बिना सोचे-समझे फैसला लेने की गुंजाइश नहीं है। उनका कहना था कि डीएमके ने अन्नादुरई से लेकर मौजूदा नेतृत्व तक राज्य के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है और पार्टी आगे भी इस संघर्ष को जारी रखेगी। उन्होंने दोहराया कि तमिलनाडु के हित उनकी पार्टी की प्राथमिकता हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं