Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर धमकी मिलने के बाद चर्चा में आ गए हैं। एक धमकी भरे ईमेल में उनके मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की बात कही गई है। इतना ही नहीं, इस मेल में मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
मामले की जानकारी सामने आते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। अमिताभ बच्चन के घर और BMC ऑफिस को उड़ाने की धमकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय में एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इसमें बीएमसी मुख्यालय और अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
ईमेल में कुछ अन्य स्थानों का भी उल्लेख होने की बात सामने आई है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम बीएमसी कार्यालय पहुंची और वहां सुरक्षा जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है। पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों और सुरक्षा संबंधी घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ गई थी।
इसके बाद भी कई फिल्मी हस्तियों को अलग-अलग माध्यमों से धमकियां मिलने की खबरें सामने आती रही हैं। अमिताभ बच्चन भी पिछले कुछ समय से ऐसी घटनाओं का सामना कर रहे हैं, जिसके चलते उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है। अमिताभ बच्चन को इससे पहले भी उनके बंगले जलसा को निशाना बनाने की धमकी दी जा चुकी है।
पिछली धमकी के बाद जब वह रविवार को अपने प्रशंसकों से मिलने बंगले के बाहर पहुंचे थे, तब उनकी सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत रखी गई थी। उस दौरान बिग बी बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए थे। एक अन्य धमकी के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन का नाम भी सामने आया था।
सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक पोस्ट शेयर किया गया था, जिसमें दोनों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। पोस्ट में बुलेटप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए भी धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद बच्चन परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी।
हालांकि लगातार मिल रही धमकियों के बीच पुलिस की ओर से सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया गया है। अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निजी सुरक्षा गार्डों के साथ मुंबई पुलिस के हथियारबंद जवान भी तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा बंगले के आसपास गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं