एक्स ने 13-17 वर्ष के किशोरों के लिए नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर लॉन्च किए हैं, जिससे माता-पिता उनके अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। माता-पिता और किशोरों का अकाउंट होगा अटैच (फोटो-रॉयटर्स) माता-पिता किशोरों के एक्स अकाउंट की निगरानी कर सकेंगे। गतिविधि, समय सीमा, संवेदनशील सामग्री फिल्टर करने की सुविधा।
बच्चों की निजता का सम्मान, मैसेज नहीं पढ़ सकेंगे। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेट मीडिया पर बच्चे क्या देख रहे हैं, कितनी देर ऑनलाइन रहते हैं और अनजान लोगों से उनकी बातचीत तो नहीं हो रही?
माता-पिता की इन चिंताओं को दूर करने के लिए इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत 13 से 17 वर्ष की उम्र के किशोरों के माता-पिता उनके अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। हालांकि, एक्स ने बच्चों की प्राइवेसी का भी ध्यान रखा है।
माता-पिता यह देख सकेंगे कि उनके बच्चे ने किन अकाउंट्स से प्राइवेट चैट की है, लेकिन वे मैसेज नहीं पढ़ सकेंगे। वे बच्चे की सर्च हिस्ट्री भी नहीं देख सकेंगे। माता-पिता या अभिभावक किशोरों के अकाउंट को अपने अकाउंट से जोड़ सकेंगे।
इसके बाद वे देख सकेंगे कि बच्चा रोजाना कितनी देर एक्स प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा है और उसके लिए इस्तेमाल की समय सीमा भी तय कर सकेंगे। माता-पिता संवेदनशील कंटेंट, वीडियो और कुछ खास शब्दों को भी फिल्टर कर सकेंगे। साथ ही यह तय कर सकेंगे कि बच्चे को कौन डायरेक्ट मैसेज भेज सकता है।
माता-पिता या अभिभावक किशोरों के पांच अकाउंट तक की निगरानी कर सकते हैं, जबकि किशोरों का हर अकाउंट एक समय में केवल एक ही वयस्क (निगरानी करने वाले) से जुड़ा हो सकता है। पैरेंटल कंट्रोल के जरिए किए गए कोई भी बदलाव किशोर को दिखाई देते रहेंगे। एक्स के सेफ्टी प्रमुख माइकल ओ' हर्लिही के मुताबिक, इस फीचर का मकसद बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करना है।
किशोर के वयस्क होने पर निगरानी अपने आप समाप्त हो जाएगी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं