भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस के शुभ अवसर पर मुरैना जिले के करुआ गांव में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत आयोजित स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए धनतेरस पर प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत चयनित गांवों में मंत्री, सांसद और विधायकों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराया जाएगा। प्रदेश में स्वामित्व योजना के अंतर्गत अब तक 17 लाख 9 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं।
राज्य सरकार ने 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। धनतेरस पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य चयनित गांवों में पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों का पंजीयन पूरा करना और उन्हें स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्थित मकानों और अन्य संपत्तियों का सर्वेक्षण किया जा रहा है।
इसके आधार पर पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख और संपत्ति स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्तियों का वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा। साथ ही, संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों के आधार पर बैंक ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ लेना भी आसान होगा।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं