वकील को CJI के खिलाफ टिप्पणी पर नोटिस। (जागरण ग्राफिक्स) वकील प्रवीण सिंघल को CJI के खिलाफ टिप्पणी पर नोटिस सुप्रीम कोर्ट ने SCBA की याचिका पर अवमानना कार्यवाही शुरू की जनवरी में अगली सुनवाई, वकील को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने एक वकील को अवमानना का नोटिस जारी किया है।
इस वकील ने 16 नवंबर को खुली अदालत में मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग करते हुए एक याचिका दायर की थी। इस पर विचार करते हुए, जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी.
मोहना की बेंच ने वकील प्रवीण सिंघल को 'कारण बताओ' (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है। बेंच ने यह माना कि इस मामले को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। बेंच ने कहा, 'हम पहली नजर में इस बात से संतुष्ट हैं कि याचिकाकर्ता SCBA द्वारा एकमात्र प्रतिवादी (यानी जिस पर अदालत की अवमानना का आरोप है) के खिलाफ कार्यवाही शुरू करने के लिए रखा गया प्रस्ताव उसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
' इसके साथ ही बेंच ने मामले की अगली सुनवाई जनवरी के लिए तय कर दी। बेंच ने कहा कि प्रतिवादी 8 जनवरी तक अपना जवाब दाखिल कर सकता है और निर्देश दिया कि अगली सुनवाई की तारीख पर उसे व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहना होगा। SCBA के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय ने शुरुआत में ही कहा कि खुली अदालत में अनुचित टिप्पणी करने की घटना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
उन्होंने साफ किया कि वह वकील SCBA का सदस्य नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिवादी ने CJI सूर्य कांत को निशाना बनाते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील भी पोस्ट की है। राय ने आगे कहा कि ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो जजों को निशाना बनाकर सोशल मीडिया कंटेंट से पैसे कमाते हैं।
भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वह SCBA की याचिका का पूरा समर्थन करते हैं, क्योंकि अदालत की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं