दीपावली के पटाखों, शांत हवा और अन्य कारणों से दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया। दीपावली के बाद उत्तर भारत में जहरीली हुई हवा जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक तो करेला दूसरे नीम चढ़ा।
सर्दियां शुरू होते ही दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत की हवा जहरीली हो जाती है। इसके तमाम ज्ञात कारण भी हैं। भौगोलिक स्थिति के अलावा सघन आबादी के चलते सड़कों पर वाहनों का रेंगने वाला रेला, इस मौसम में फसलों के अवशेषों का जलना साथ ही सड़कों और निर्माण स्थलों से धूल का उड़ना इसके बड़े कारण हैं।
इन वजहों से पहले ही यहां की वायु काफी हद तक विषाक्त हो गई थी, जो कसर रह गई थी, उसे दीपावली के पटाखों ने पूरी कर दी। यही वजह है कि इस भूभाग के तमाम बड़े शहरों-कस्वों की हवा की गुणवत्ता दीपावली के एक दिन पहले के मुकाबले अगले दिन कहीं अधिक दूषित पाई गई। लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है।
जानकार बताते हैं कि इस हवा में अगर कोई कुछ घंटे रह ले तो समझो वह कई सिगरेट जितना धुंआ अंदर खींच चुका है। हर साल सामने आने वाली इस समस्या से निजात न तो शासन दिला पा रहा है और न ही सुप्रीम कोर्ट। भला हो पवन देव का, जिनके झोंके से प्रदूषण में थोड़ी कमी आई।
दीपावली के बाद कश्मीर से लेकर कोलकाता तक एक दिन पहले तक सामान्य रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) दीवाली के दिन कई गुना बढ़ा गया। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक्यूआइ का स्तर 350 से ऊपर रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। राहत की बात यह रही कि अगले ही दिन ज्यादातर शहरों का एक्यूआइ गिरकर पूर्व की स्थिति में पहुंच गया।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि पटाखों के कारण प्रदूषण में वृद्धि जरूर हुई, लेकिन इसकी एक बड़ी वजह हवा का मंद और शांत रहना भी रहा। हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहे। सोमवार को हवा की गति बढ़ी तो प्रदूषण का स्तर कम होने लगा।
राजधानी दिल्ली इस बार पिछले पांच सालों की सबसे प्रदूषित दीवाली दर्ज की गई, जिसमें औसत एक्यूआइ 376 रहा। हालांकि सोमवार को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवा चलने से एक्यूआइ घटकर 344 पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में लखनऊ की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई, जहां एक्यूआइ 300 के पार हो गया।
अयोध्या में एक दिन पहले एक्यूआइ 180 था, जो दीवाली के दिन 231 दर्ज किया गया। कानपुर में सामान्य दिनों में 150 से 200 रहने वाला एक्यूआइ दीवाली के दिन 230 पर पहुंच गया। हालांकि सोमवार को यह 221 पर आ गया।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नोएडा में 332, ग्रेटर नोएडा में 252, गाजियाबाद में 324 एक्यूआइ दर्ज किया गया। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं