हिंदी फिल्मों में दिखाई देता है राम कथा का अंश हिंदी फिल्मों में दिखाई देता है राम कथा का अंश अनंत विजय, नोएडा। दीवाली के पावन अवसर पर हिंदी फिल्मों में रामकथा के प्रभाव की चर्चा होती है। अकारण नहीं है कि रणबीर कपूर स्टारर फिल्म रामायणम् (Ramayana) को दीवाली के ठीक पहले प्रदर्शित किया गया।
जब फिल्मों और रामकथा की चर्चा होती है तो हिंदी फिल्मों के सफलतम लेखकों में से एक सचिन भौमिक और राज कपूर के मध्य हुआ एकडायलॉग याद आता है। सचिन भौमिक वही लेखक हैं जिन्होंने अनुराधा, आई मिलन की बेला, जानवर, आया सावन झूम के, गोल-माल, कर्ज, सौदागर, आदि फिल्में लिखीं।
सलीम-जावेद की जोड़ी से ज्यादा हिट फिल्में सचिन भौमिक के नाम पर दर्ज हैं। वापस आते हैं राज कपूर (Raj Kapoor) और सचिन भौमिक से जुड़े किस्से पर। सचिन भौमिक कोलकाता से राज कपूर से मिलने बांबे (अब मुंबई) आते हैं।
आर. के. स्टूडियो में दोनों की भेंट होती है।
राज कपूर उनसे मुलाकात का प्रयोजन जानना चाहते हैं तब सचिन भौमिक इच्छा जताते हैं कि वो राज कपूर के लिए फिल्म की कहानी लिखना चाहते हैं। राज कपूर ने धैर्यपूर्वक पूरी बात सुनी। बातचीत खत्म होने पर राज कपूर बोले कि आप हिंदी फिल्मों के लिए कहानियां लिखते हैं, अच्छी बात है, लिखते रहिए, लेकिन इतना ध्यान रखिएगा कि हिंदी फिल्मों में कहानी तो एक ही होती है, ‘राम थे, सीता थीं और रावण आ गया'।
सचिन भौमिक ने एक साक्षात्कार में बताया था कि राज कपूर की ये बात उन्होंने गांठ बांध ली थी और वो कोई भी कहानी लिखते थे तो उनके अवचेतन में रामकथा अवश्य चल रही होती थी। राज कपूर ने फिल्मों की कहानी पर बहुत गहरी बात कही। उस पर उस समय भी और अब भी चर्चा होते रहती है, पर उस मुलाकात के बाद सचिन भौमिक ने जो कहा वो बहुत महत्वपूर्ण है।
सचिन भौमिक ने माना था फिल्मों की कहानी लिखते समय उनके अवचेतन मन में रामकथा चलती रहती है। लेखक के अवचेतन मन में तुलसीदास की रामकथा रहती है। तुलसी ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के चरित्र को प्रमुखता दी।
श्रीरामचरितमानस के अन्य पात्र भी मर्यादा की एक डोर में बंधे हैं। वही मर्यादा बहुधा हिंदी फिल्मों में दिखाई देती है। नायक चाहे कितना भी बुरा होता है, व्यवस्था के विरुद्ध चाहे उसके अंदर जितना भी रोष हो, लेकिन कथा का सुखांत ही होता है।
सुखांत के अधिक यह है कि वो अपने रोष में, अपने विद्रोह या अपने तिरस्कार में भी मर्यादित रहता है। फिल्म में नायिका का चरित्र चाहे कितना भी बुरा क्यों न गढ़ा गया हो, लेकिन जब कथा क्लाइमैक्स की ओर बढ़ती है तो चरित्र मर्यादित होने लगता है। अपने परिवार को लेकर, अपने बच्चों की चिंता करने लगती है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं