Father Son Naked In Kolkata: कोलकाता के सरसुना इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की से मिलने पर उसके परिवार वालों ने 17 साल के लड़के, उसके दोस्त और पिता के साथ मारपीट की। आरोप है कि तीनों को बंदूक दिखाकर डराया गया और उनके कपड़े उतरवा दिए गए।
इसके बाद लड़के के पिता को बिना कपड़ों के सड़क पर चलने के लिए मजबूर किया गया। क्या है पूरा मामला? बताया जा रहा है कि 25 अक्टूबर को लड़का अपनी 13 साल की प्रेमिका के साथ एक मठ के पास मिला था।
आरोप है कि दोनों को किस करते हुए लड़की के परिवार के एक जानकार ने देख लिया। इसके बाद लड़की के घरवालों ने लड़के और उसके 19 साल के दोस्त को पकड़कर घर में बंद कर दिया और उनकी पिटाई की। कुछ देर बाद लड़के के पिता को भी वहां बुलाया गया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, उनसे अपने ही बेटे को चाकू मारने के लिए कहा गया। पिता के मुताबिक, बेटे की जान बचाने के लिए उन्हें आरोपियों की बात माननी पड़ी और अपने कपड़े उतारने पड़े।
इसके बाद उन्हें सड़क पर निर्वस्त्र हालत में चलने के लिए मजबूर किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों के पास बंदूकें थीं। जब कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी गोली मारने की धमकी दी गई।
घटना सामने आने के बाद इलाके के लोगों में काफी गुस्सा फैल गया। कुछ लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में लड़की के माता-पिता और उसके मामा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल टेस्ट कराया है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई हथियार नहीं मिला है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं