पटना। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में शनिवार, 28 नवंबर को बिहार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने ग्राम श्री मंडप और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों तथा स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली।
मंत्री ने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ सफल उद्यमी के रूप में भी अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ रही है।
श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण रहा है। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना और मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना जैसी योजनाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया है।
बाद में बालकों के लिए भी साइकिल योजना लागू की गई। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से बिहार की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ा रही हैं। सरकार का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ उद्यमी के रूप में स्थापित करना है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने और जमीन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी की गई है।
इसके साथ ही घर और शौचालय निर्माण के लिए भी सरकारी सहयोग दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को अधिक से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। वर्षभर में लाखों युवाओं को रोजगार एवं नौकरी से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार को देश के पांच विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना राज्य सरकार का महत्वपूर्ण संकल्प है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार के साथ आम नागरिकों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ग्राम श्री मंडप के उद्घाटन के बाद मंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की आधिकारिक एवं प्रामाणिक जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि आम नागरिक योजनाओं के लाभ और उनसे जुड़ी प्रक्रियाओं को समझ सकें। मेला परिसर के भ्रमण के दौरान उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पंडाल में स्थापित वर्चुअल 3डी मनोरंजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं को आकर्षित करने के साथ रोचक, शिक्षाप्रद और जागरूकतापरक वीडियो भी प्रदर्शित किए जाएं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं