Thiruparankundram Karthigai Deepam: चार दिनों के भारी प्रशासनिक तनाव, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और सुप्रीम कोर्ट की अभूतपूर्व सख्ती के बाद आखिरकार शनिवार, 28 नवंबर 2026 की शाम ठीक 5 बजे तमिलनाडु के मदुरै में स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी के विवादित 'दीपथून' पत्थर स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित कर दिया गया।
जैसे ही पहाड़ी की चोटी पर लौ जली, तलहटी में जमा हजारों श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर और जयकारों के साथ जश्न मनाया। इस पवित्र अनुष्ठान के लिए 30 किलो घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और 5 किलो कपूर का इस्तेमाल किया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश , उचिपिल्लैयार मंडपम में जल रही लौ से ही दीपथून के दीपक को प्रज्वलित किया गया।
यह आयोजन देश के न्यायिक इतिहास में एक दुर्लभ घटना बन गया, क्योंकि इसे किसी राज्य प्रशासन के बजाय सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त दो पूर्व हाईकोर्ट जजों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सीधी निगरानी में संपन्न कराना पड़ा। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त रिसीवर-मद्रास हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस.
वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन-सुबह ही चेन्नई से मदुरै पहुंच गए थे। उनके निर्देश पर पहाड़ी के ऊपर दीपथून स्थल तक केवल 50 अधिकृत श्रद्धालुओं और पुजारियों को ही जाने की अनुमति दी गई।
मौके पर मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इससे पहले सुबह जब CRPF के जवानों ने अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर और पहाड़ी की सुरक्षा अपने हाथ में ली, तो स्थानीय ग्रामीणों ने ढोल बजाकर और फूल बरसाकर जवानों का स्वागत किया।
दूसरी ओर, पहाड़ी पर ही स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह में भी स्थानीय लोगों और जायरीनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। इस पूरे मामले ने उस वक्त गंभीर संवैधानिक रूप ले लिया, जब तमिलनाडु की सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार ने शीर्ष अदालत के पहले आदेश को लागू नहीं किया।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस वी. एम. पंचोली की पीठ ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के दिन 'एक बार अंतरिम व्यवस्था' के तौर पर दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।
तय दिन राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका (Review Petition) का हवाला देते हुए जिले में निषेधाज्ञा (BNSS धारा 163) लागू कर दी और 5,600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात कर दिए। नतीजतन, दीप केवल पारंपरिक उचिपिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया गया और दीपथून स्तंभ अंधेरे में रहा।
इस दौरान राज्य बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन समेत कई नेताओं को रोका गया। 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट का कड़ा एक्शन: अवमानना याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की माफी खारिज कर दी और तीखी टिप्पणी करते हुए कहा-"अदालत का आदेश बातचीत का न्योता नहीं है।
" संविधान के अनुच्छेद 144 का हवाला देते हुए कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर दिया, दो पूर्व जजों को रिसीवर बनाया और ASI द्वारा पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाने के बाद सुरक्षा की कमान तमिलनाडु पुलिस से लेकर CRPF को सौंप दी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं