डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की सेवाएं 25 नवंबर से एक बार फिर शुरू हो रही हैं। नए इंश्योरेंस मैनेजमेंट सॉल्यूशन (IMS) को लागू करने के लिए 16 से 24 नवंबर तक देशभर में इनका काम बंद रखा गया था। 24 नवंबर को जैसे ही काम नए अपग्रेटेड प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होगा, ग्राहक अपने प्रीमियम बकाया, क्लेम और लॉगिन डिटेल्स जरूर चेक कर लें, ताकि किसी भी तरह की देरी या पॉलिसी लैप्स होने से बचा जा सके।
सिस्टम बंद रहने के दौरान डाकघरों, सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर्स और ऑनलाइन पोर्टल पर पॉलिसी से जुड़ा कोई भी लेन-देन नहीं हो पा रहा था। डेटा को नए प्लेटफॉर्म पर आसानी से ट्रांसफर करने के लिए सभी पोस्टल सर्कल्स को 15 नवंबर रात 11:59 बजे तक पुराने 'मैककैमिश' (McCamish) सिस्टम के पेंडिंग मामलों को निपटाने के निर्देश दिए गए थे।
अब 25 नवंबर से सभी डिजिटल और ऑफलाइन माध्यमों पर सेवाएं सुचारू रूप से शुरू होने की उम्मीद है। PLI/RPLI सेवाएं: प्रीमियम बकाया और पॉलिसी लैप्स होने से कैसे बचाएंभारत सरकार के नियमों के मुताबिक, मंथली मोड वाली पॉलिसियों के लिए ग्रेस पीरियड महीने की आखिरी तारीख तक होता है।
अगर सिस्टम बंद रहने के कारण आप नवंबर का प्रीमियम नहीं भर पाए हैं, तो इसे 30 नवंबर तक जरूर जमा कर दें। डाक निदेशालय के मौजूदा आदेशों के तहत आप 12 महीने तक का एडवांस प्रीमियम भी जमा कर सकते हैं। पेमेंट के बाद अपनी रसीद और पॉलिसी डॉक्यूमेंट्स सुरक्षित रखें।
नया सिस्टम सेट होने में थोड़ा समय लग सकता है, इसलिए शुरुआती दिनों में काम का थोड़ा बैकलॉग देखने को मिल सकता है। सिटीजन चार्टर के मुताबिक, मैच्योरिटी या सर्वाइवल बेनिफिट्स के निपटारे के लिए 15 दिन और सामान्य डेथ क्लेम के लिए 30 दिन की समयसीमा तय है (जांच की स्थिति में इसे 90 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है)।
अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक करते रहें। अगर तय समय में काम न हो, तो इंडिया पोस्ट के CRM, सर्कल ऑफिस या डायरेक्टरेट की ईमेल आईडी पर शिकायत दर्ज कराएं। मदद के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-266-6868 पर संपर्क कर सकते हैं।
सेवाएं बहाल होने पर PLI कस्टमर पोर्टल पर लॉगिन करें, अपनी कस्टमर आईडी बनाएं, पॉलिसी लिंक करें और मोबाइल नंबर व ईमेल वेरीफाई करें। हर महीने समय पर किस्त के लिए आप NACH या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) ऐप के जरिए 7, 12 या 17 तारीख का ऑटो-पे ऑप्शन चुन सकते हैं।
किसी भी फर्जी या फ़िशिंग लिंक से बचें और केवल आधिकारिक पोर्टल या टोल-फ्री नंबर की ही मदद लें। अपना केवाईसी (KYC) और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं