राहुल गांधी के फोन टैपिंग दावे पर सैम पित्रोदा का पलटवार राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया। सैम पित्रोदा ने राहुल के दावे को खारिज करते हुए पीएम का बचाव किया। पित्रोदा ने अपने फोन टैप होने और बैंक खातों की निगरानी का दावा किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय राजनीति के पटल पर उस समय एक अजीबोगरीब भूचाल आ गया जब कांग्रेस के भीतर से ही एक बेहद अप्रत्याशित बयान सामने आया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर फोन टैपिंग के गंभीर और संगीन आरोप लगाए जाने के तुरंत बाद, उनके अपने ही पार्टी सहयोगी और 'इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने इस दावे की हवा निकाल दी।
84-वर्षीय तकनीकी विशेषज्ञ पित्रोदा ने राहुल गांधी के दावों से बिल्कुल अलग रुख अपनाते हुए साफ तौर पर कहा कि, प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते। राहुल के इस आरोप से मचे राजनीतिक हंगामे के बीच एक समाचार चैनल के साथ विशेष साक्षात्कार में पित्रोदा ने स्पष्ट किया कि उनका मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी कभी भी इस तरह के कृत्यों में शामिल नहीं हो सकते।
उन्होंने अपने ही अंदाज में तंज कसते हुए कहा, पीएम ऐसा नहीं करते। पीएम कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठ जाते। हालांकि, इसके साथ ही पित्रोदा ने यह भी दावा किया कि उनका अपना फोन टैप किया जा रहा है, उनके लैपटाप पर हमले होते हैं और उनके बैंक खाते भी निगरानी के दायरे में हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में विशेषज्ञों से सलाह ली है, हालांकि वे यह नहीं जानते या इस बात की परवाह नहीं करते कि इसके पीछे कौन है, पर वे इन परिस्थितियों के साथ जीने के आदी हैं क्योंकि तमाम बुरे लोग मौजूद हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री मोदी उनका फोन टैप कर रहे हैं और उनके पास इस बात के अकाट्य सबूत हैं कि पीएम विदेशी ताकतों के नियंत्रण में हैं।
इस संगीन आरोप के बाद जहां एक तरफ कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है, वहीं भाजपा ने पूरी ताकत से पलटवार किया है। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने संप्रग शासनकाल के दौरान 2011 में तत्कालीन वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की जासूसी से जुड़े पुराने विवाद की याद दिलाई।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके फोन को टैप करने में कोई दिलचस्पी नहीं रखता, बल्कि उन्हें अपने दिमाग की जांच करवानी चाहिए। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं