खरगे के दीपावली को ईद बताने पर भाजपा का पलटवार भाजपा ने खरगे के दीपावली को ईद कहने पर आपत्ति जताई। कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया गया। भाजपा ने राहुल-खरगे को ईद को दीपावली कहने की चुनौती।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीपावली की बधाई देते हुए इसे खुशियों का ईद बताने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए खरगे और राहुल गांधी को ईद को खुशियों की दीपावली बताकर मुसलमानों को बधाई देने की चुनौती दी।
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी द्वारा मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को सही ठहराने की कोशिश का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि यह जानबूझकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए दिया गया बयान है। उन्होंने दीपावली पर प्रदूषण फैलाने की तुलना प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से करने के सोच पर भी आपत्ति जताई।
बकरीद पर जल प्रदूषण की ओर इशारा करते हुए भाटिया ने कहा कि किसी एक पंथ के त्योहार की तुलना दूसरे के त्योहार से नहीं करनी चाहिए, हर तरह का प्रदूषण बुरा है और किसी को सही नहीं ठहराना चाहिए। खरगे के पुराने बयान बकरीद में बचेंगे तो मुहर्रम में नाचेंगे का हवाला देते हुए उन्होंने ईद, बकरीद, मुहर्रम पर इस तरह से बयान देने की जरूरत पर सवाल उठाया और कहा कि यह देश के पंथनिरपेक्ष स्वरूप के लिए सही नहीं है।
उन कांग्रेस की राजनीति में बहुसंख्यक समुदाय को चुप कराना और कट्टरपंथियों को सामने झुकना ही पंथनिरपेक्षता बन गई है। गौरव भाटिया ने बाबरी ढांचे के ध्वंस की तस्वीरें देखकर सोनिया गांधी के रोने को तुष्टीकरण की पराकाष्ठा करार दिया। बाटला हाउस मुठभेड़ पर सोनिया के रोने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी मुठभेड़ में साहसी पुलिसकर्मी के बलिदान पर उनकी आंखों में आंसू नहीं आए थे।
इसी तरह भव्य राम मंदिर के उद्घाटन को देखकर करोड़ों हिंदुओं के आंखों में खुशी के आंसू थे। गांधी परिवार में से राहुल, सोनिया, प्रियंका कोई भी दर्शन करने अयोध्या नहीं पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस को तुष्टीकरण की राजनीति के लिए हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और आस्था के प्रतीकों का अपमान नहीं करने की चेतावनी दी।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस ने दीपावली पर भी वोट बैंक की राजनीति चुनी। कांग्रेस दीपावली जैसे अवसरों पर भी तुष्टीकरण एवं वोट बैंक के बारे में सोचती है और यह कांग्रेस की सनातन-विरोधी मानसिकता दिखाता है। उन्होंने कहा, 'आयोध्या में विवादित ढांचे के लिए सोनिया गांधी के रोने को याद कीजिए।
अतीत में जब सनातन को डेंगू, मलेरिया, एड्स कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही! गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन-विरोधी और हिंदू-विरोधी है। '।
पाठक प्रतिक्रियाएं