WPL 2027 Schedule: महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी घरेलू टी20 लीग के नए सीजन का इंतजार खत्म हो गया है। BCCIने महिला प्रीमियर लीग 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का पांचवां संस्करण 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा।
इस बार कुल 22 मुकाबले होंगे और मेजबानी की जिम्मेदारी वडोदरा तथा मुंबई को मिली है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 14 जनवरी को मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच वडोदरा में होगा।
पहले चरण के 11 मुकाबले 14 से 24 जनवरी तक इसी शहर में आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद लीग का दूसरा चरण मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां 26 जनवरी से लीग चरण के बाकी मुकाबले होंगे।
लीग चरण का आखिरी मैच 3 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच होगा। डब्ल्यूपीएल 2027 में लीग चरण के बाद 5 फरवरी को एलिमिनेटर खेला जाएगा। इसमें अंक तालिका में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें आमने-सामने होंगी।
शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि सभी 22 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं