नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच विश्वास मजबूत हुआ। इस दौरान 15 हजार करोड़ रुपये की विकास सहायता, 8 समझौते और "विकसित भारत और समुनत नेपाल" का संयुक्त विजन जारी किया गया। पीएम मोदी और बालेन्द्र शाह की ऐतिहासिक बैठक (फोटो-@narendramodi/x) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह लगभग 25 घंटे की राजकीय यात्रा पर भारत आए और मंगलवार शाम अपने देश लौट गए। उनकी यह पहली विदेश यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई लगभग 100 मिनट की द्विपक्षीय बैठक ने दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में कमजोर पड़े भरोसे को फिर से मजबूत कर दिया है।
भारत ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की विकास सहायता की घोषणा की। दोनों प्रधानमंत्रियों के समक्ष आठ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जबकि कुल 19 ऐसी घोषणाएं की गईं, जो सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और कनेक्टिविटी संबंधों को और गहरा करेंगी।
भविष्य की दिशा तय करने के लिए “विकसित भारत और समुनत नेपाल” का संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया गया। मंगलवार सुबह राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री शाह का राजकीय स्वागत किया गया। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।
बाद में शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह अडिग हैं और समुद्र की तरह व्यापक हैं। उन्होंने भारत को नेपाल का एक भरोसेमंद और विश्वास्त पड़ोसी बताया तो पीएम मोदी ने दोनों देशों के रिश्ते को पड़ोस से कहीं ज्यादा गहरा बताया। उन्होंने कहा, “भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है।
हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की प्रगति में साथी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी। हमारे पास स्पष्ट लक्ष्य हैं, आपसी विश्वास है और उन्हें साकार करने का सामर्थ्य भी है।
सबसे बढ़कर हमारे साथ माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद हैं। मुझे विश्वास है कि इसी भावना के साथ हम अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे और साथ मिलकर भारत-नेपाल संबंधों का एक नया सुनहरा अध्याय लिखेंगे। ” दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की।
बाद में दोनों देशों की तरफ से जारी संयुक्त घोषणा पत्र प्रधानमंत्री शाह ने रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत द्वारा दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता की सराहना की। भारत ने नेपाल के विकास के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये (लगभग 24,000 करोड़ नेपाली रुपये) की सहायता की घोषणा की।
इसमें बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और नई अवसंरचना परियोजनाओं के लिए 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की रुपया-मूल्य की ऋण रेखा शामिल है। दोनों नेताओं ने “विकसित भारत और समुनत नेपाल” का संयुक्त विजन अपनाया।
यह दस्तावेज आर्थिक-विकास साझेदारी, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन, जन-जन संपर्क के साथ-साथ जलवायु सहनशीलता, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाएं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग का रोडमैप देता है। पीएम शाह को नेपाल की युवा शक्ति का समर्थन है, इस बात का ख्याल पीएम मोदी ने भी रखा।
इस बात का ऐलान हुआ कि भारत की आइआइटी नेपाल में अपनी शाखा खोलेगी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं