जीन थेरेपी आंखों की रोशनी गंवा चुके लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है, जिससे वे प्रकाश महसूस कर और वस्तुओं को पहचान पा रहे हैं। जीन थेरेपी से दृष्टिहीनता का इलाज संभव (सांकेतिक तस्वीर) जीन थेरेपी से दृष्टिहीन लोगों में प्रकाश संवेदनशीलता बढ़ी। ऑप्टोजेनेटिक्स तकनीक से वस्तुओं को पहचानने में मदद मिली।
रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा जैसे रोगों में नई उपचार आशा। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आंखों की रोशनी पूरी तरह गंवा चुके लोगों के लिए विज्ञान एक नई उम्मीद लेकर आया है।
जीन थेरेपी की मदद से अब कुछ ऐसे मरीजों में भी प्रकाश को महसूस करने और आसपास रखी वस्तुओं को पहचानने की क्षमता विकसित की जा रही है, जिनकी आंखों की प्रकाश-संवेदी कोशिकाएं नष्ट हो चुकी हैं। शुरुआती परीक्षणों में उत्साहजनक नतीजे सामने आए हैं। हालांकि, इस उपचार से फिलहाल सामान्य दृष्टि वापस नहीं आती, लेकिन मरीज अपने आसपास की कुछ चीजों को देख और पहचान सकते हैं।
हाल ही में इस दिशा में हुए एक छोटे अध्ययन के नतीजे प्रतिष्ठित चिकित्सा पत्रिका 'न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन' में प्रकाशित हुए हैं। शोधकर्ताओं ने 'ऑप्टोजेनेटिक्स' तकनीक का इस्तेमाल किया है। इसमें एक हानिरहित वायरस के जरिये आंख की बची हुई कोशिकाओं में ऐसा जीन पहुंचाया जाता है, जो उन्हें प्रकाश के प्रति संवेदनशील बनाने वाला प्रोटीन तैयार करने में मदद करता है।
विशेष चश्मे से वस्तुओं की पहचान में सुधार इस तकनीक के एक परीक्षण में दस दृष्टिहीन वयस्कों की एक आंख में जीन इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उन्हें विशेष चश्मे दिए गए, जो सामने के दृश्यों को हल्के नारंगी-पीले रंग की प्रकाश तरंगों में बदल देते हैं। परीक्षण में सात लोगों की प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता बढ़ी।
इनमें से चार मरीजों ने चश्मे की मदद से मेज पर रखी वस्तुओं को पहचानने जैसे कामों में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। एक मरीज नोटबुक को लगभग हर बार पहचानने में सफल रहा। वह सड़क पार करने के लिए बने क्रॉसिंग की सफेद पट्टियां भी देख सका।
चश्मे के बिना इलाज पर भी नजर इस दिशा में एक और जीन थेरेपी 'मोजेनरी' चर्चा में है। इसमें विशेष चश्मे की जरूरत नहीं पड़ती, क्योंकि उपचार के बाद बनने वाला प्रोटीन सामान्य रोशनी में भी प्रतिक्रिया करता है। इसके परीक्षण में 27 गंभीर दृष्टिबाधित वयस्क शामिल हुए।
एक साल बाद इलाज पाने वाले मरीजों ने लो-विजन चार्ट पर औसतन तीन लाइनें अधिक पढ़ीं, जबकि प्लेसबो यानी डमी इंजेक्शन पाने वालों में खास सुधार नहीं हुआ। अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) इस उपचार की समीक्षा कर रहा है। यह उपचार मुख्य रूप से रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा जैसी बीमारी के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।
इसमें रेटिना की प्रकाश-संवेदी कोशिकाएं धीरे-धीरे नष्ट हो जाती हैं, जबकि कुछ अन्य तंत्रिका कोशिकाएं बची रहती हैं। जीन थेरेपी इन्हीं बची हुई कोशिकाओं को प्रकाश के प्रति संवेदनशील बनाने की कोशिश करती है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं