भाजपा ने कांग्रेस नेता को भू-राजनीति की समझ से अनजान बताते हुए उन पर पाकिस्तान-समर्थक दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। भाजपा ने राहुल की टिप्पणी का मजाक उड़ाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार एक तस्वीर भी साझा की। भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा- उन्हें भू-राजनीति की समझ नहीं भाजपा ने साझा की एआई से बनी तस्वीर, राहुल पर पाकिस्तान समर्थक दुष्प्रचार करने का लगाया आरोप रिजिजू बोले- देश के खिलाफ बयान न दें, चिराग पासवान ने विदेश में बदनाम करने का लगाया आरोप ।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की त्रिपक्षीय बैठक में भारत की गैरमौजूदगी पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को उन पर पलटवार किया। पार्टी ने कांग्रेस नेता को भू-राजनीति की समझ से अनजान बताते हुए उन पर पाकिस्तान-समर्थक दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया।
भाजपा ने राहुल की टिप्पणी का मजाक उड़ाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार एक तस्वीर भी साझा की। इसमें राहुल गांधी को तीनों राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को पेय परोसते दिखाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने तंज में एक्स पर इमोजी के साथ यह तस्वीर साझा की।
वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को देश के भीतर या विदेश में भारत के खिलाफ बयान नहीं देना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका, चीन और रूस की त्रिपक्षीय बैठक से भारत की वैश्विक स्थिति तय नहीं होती।
भारत ब्रिक्स, क्वाड, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ), जी-20 और जी-7 जैसे मंचों के जरिये दुनिया की अलग-अलग शक्तियों के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत 2016 में मिसाइल टेक्नोलाजी कंट्रोल रिजीम (एमटीसीआर), 2017 में वासेनार व्यवस्था और 2018 में आस्ट्रेलिया समूह में शामिल हुआ।
भारत 2017 में एससीओ का पूर्ण सदस्य भी बना। अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब सोनिया गांधी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से क्यों मिलती थीं और उनका आधिकारिक दायित्व क्या था? भाजपा के राष्ट्रीय इंटरनेट मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि हर अंतरराष्ट्रीय समूह भारत के इर्द-गिर्द नहीं घूमता।
उन्होंने याद दिलाया कि एपेक की स्थापना नवंबर 1989 में हुई थी, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे। यह प्रशांत महासागर से लगे देशों की अर्थव्यवस्थाओं का मंच है। भारत की सीमा प्रशांत महासागर से नहीं लगती, इसलिए इस मंच में उसकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाने का कोई औचित्य नहीं है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं