न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की अगली चुनौती क्राइस्टचर्च में है। वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद अब दोनों टीमों की नजर दूसरे और आखिरी मुकाबले पर है। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज का अंत अपने पक्ष में करना चाहेगी।
इसके लिए बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी होगा। दूसरे टेस्ट से पहले सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर हो रही है। पहले मुकाबले में जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप को छोड़ दें तो बाकी तेज गेंदबाज अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे।
ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने गेंदबाजी कॉम्बिनेशन को लेकर कुछ सवाल हैं। इसी बीच गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिससे उनके टेस्ट डेब्यू की उम्मीदें बढ़ गई हैं। गुरनूर बराड़ को मिल सकता है टेस्ट डेब्यू का मौका मोर्ने मोर्कल ने गुरनूर की तारीफ करते हुए कहा कि टीम में शामिल होने के बाद से उनकी रफ्तार और गेंद में उछाल को लेकर काफी उत्साह है।
क्राइस्टचर्च की परिस्थितियां भी उनकी गेंदबाजी के अनुकूल हो सकती हैं। मोर्कल ने कहा कि गुरनूर लगातार मौके के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। वह सभी चीजें सही कर रहे हैं।
उन्हें बस यह सुनिश्चित करना है कि जब भी मौका मिले, वह पूरी तरह तैयार रहें। गुरनूर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सिर्फ तीन मुकाबलों में नौ विकेट हासिल किए और 15.
89 के औसत से गेंदबाजी की। इस प्रदर्शन के दम पर वह वनडे सीरीज में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके पास गति के साथ अच्छी उछाल हासिल करने की क्षमता है, जो क्राइस्टचर्च में टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
प्रसिद्ध कृष्णा या अंशुल कंबोज में से किसकी होगी छुट्टी? गुरनूर को मौका मिलता है तो टीम में किसी एक तेज गेंदबाज को बाहर बैठना पड़ सकता है। पहले टेस्ट में प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज दोनों को काफी ओवर गेंदबाजी करनी पड़ी थी, लेकिन वे उम्मीद के मुताबिक असर नहीं छोड़ पाए।
ऐसे में इन दोनों में से किसी एक की जगह गुरनूर को शामिल किया जा सकता है। हालांकि, नेट्स में गुरनूर के साथ मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने भी अभ्यास किया। दूसरी ओर, पहले टेस्ट में खेलने वाले बुमराह, आकाश दीप, प्रसिद्ध और अंशुल ने नेट्स पर गेंदबाजी नहीं की।
इससे संकेत मिलता है कि टीम अपनी पिछले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन के ज्यादातर खिलाड़ियों को बरकरार रख सकती है। मोहम्मद सिराज को वेलिंगटन टेस्ट में मौका नहीं मिला था। दूसरे मैच से पहले उनकी वापसी को लेकर भी सवाल हैं।
मोर्ने मोर्कल ने कहा कि सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और चयन के फैसले कई बार मुश्किल होते हैं। उन्होंने सिराज से बातचीत का भी जिक्र किया, लेकिन यह साफ नहीं किया कि अनुभवी तेज गेंदबाज दूसरे टेस्ट में खेलेंगे या नहीं। दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से शुरू होगा।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं