महेंद्र सिंह धोनी का क्रिकेट के मैदान पर अंदाज हमेशा से बाकी खिलाड़ियों से अलग रहा है। वह बड़े फैसले भी बिना किसी शोर-शराबे के लेते रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास हो या अब आईपीएल को अलविदा कहना, धोनी ने दोनों बार अपने खास अंदाज में फैंस को चौंकाया है।
उनके आईपीएल से संन्यास की खबर सामने आने के कुछ घंटे बाद अब एक ऐसी पोस्ट आई है, जिसने पुरानी यादें ताजा कर दी हैं। धोनी ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इसके बैकग्राउंड में वही गाना सुनाई दिया, जिसका इस्तेमाल उन्होंने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के दौरान किया था।
यह गाना था- 'मैं पल दो पल का शायर हूं'। इस बार भी धोनी ने अपने क्रिकेट सफर की झलकियों के जरिए फैंस को भावुक कर दिया। इस वीडियो के साथ धोनी ने लिखा कि फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया।
इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना नहीं हो सकता था। शायद इसके दो वर्जन इसलिए बनाए गए थे, ताकि मैं गलती करूं और फिर उसे स्वीकार कर सकूं। धोनी के इस कैप्शन ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह किस बात को लेकर खुद को गलत साबित हुआ मान रहे हैं। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। उस समय भी उन्होंने 'मैं पल दो पल का शायर हूं' गाने के साथ अपने क्रिकेट करियर की तस्वीरों का वीडियो साझा किया था।
उन्होंने लिखा था कि शाम 7 बजकर 29 मिनट से उन्हें रिटायर्ड समझा जाए। अब आईपीएल से विदाई के मौके पर उसी गाने की वापसी ने फैंस को एक बार फिर भावुक कर दिया है। धोनी ने आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ी के तौर पर अपना सफर खत्म कर लिया है।
हालांकि वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ टीम मेंटर की भूमिका में जुड़े रहेंगे। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं