पायलटों के संगठन FIP ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि स्पाइसजेट का गंभीर वित्तीय संकट उड़ानों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। संकट में स्पाइसजेट (File Photo- Reuters) पायलट संगठन ने स्पाइसजेट के वित्तीय संकट पर सुरक्षा चिंता जताई। कर्मचारियों को वेतन न मिलने से उड़ान सुरक्षा प्रभावित होने का डर।
DGCA से एयरलाइन की तत्काल सुरक्षा जांच की मांग की गई। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही विमानन कंपनी स्पाइसजेट को लेकर अब पायलटों के संगठन ने भी खतरे की घंटी बजा दी है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि एयरलाइन का भारी वित्तीय दबाव अब उड़ानों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। FIP के अध्यक्ष कैप्टन सीएस रंधावा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर मांग की है कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा स्पाइसजेट की तत्काल वित्तीय और परिचालन सुरक्षा जांच कराई जाए।
मामले में पायलट संगठन का कहना है कि एयरलाइन ने महीनों से अपने कर्मचारियों को सैलरी नहीं दी है, जबकि पीएफ (PF) और टीडीएस (TDS) का बकाया इससे भी लंबे समय से अटका हुआ है। कैप्टन रंधावा ने अपने पत्र में लिखा कि पायलटों और अन्य परिचालन कर्मचारियों को समय पर सैलरी न मिलना या देरी होना सबसे बड़ी चिंता का विषय है।
आर्थिक असुरक्षा से कर्मचारियों में चिंता, मानसिक तनाव, नींद न आना और मानसिक थकान पैदा होती है। इसका सीधा असर इंसान की काम करने की क्षमता और अंततः उड़ान की सुरक्षा पर पड़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्पाइसजेट इस समय गिनी-चुनी उड़ानें ही संचालित कर पा रही है।
आरोप है कि एयरलाइन अपने शेड्यूल के हिसाब से टिकट तो बेच रही है, लेकिन अधिकांश उड़ानें रद रहने से पिछले कई हफ्तों से यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रह जाते हैं। ऐसे में लंबे समय तक यात्रियों के हितों की अनदेखी के बाद, डीजीसीए ने हाल ही में एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
दूसरी तरफ FIP ने कहा कि स्पाइसजेट का संकट पूरे भारतीय विमानन उद्योग के लिए एक चेतावनी है। एयरलाइंस की आर्थिक स्थिरता और हवाई सुरक्षा आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं, इसलिए समय रहते सख्त निगरानी तंत्र बनाना जरूरी है। पायलटों के संगठन ने एयरलाइन के बढ़ते कर्ज, विमानों के ग्राउंड होने, नकदी की कमी और सर्विस प्रोवाइडर्स के बकाया भुगतान पर चिंता जताते हुए सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं