टाटा संस इस सप्ताह अपनी बोर्ड बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेने जा रहा है कि वह सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध होगी या निजी कंपनी बनी रहेगी। आरबीआई के लिस्टिंग निर्देश या ट्रस्ट का विलय प्रस्ताव। नोएल टाटा आईपीओ के खिलाफ, बोर्ड में मतभेद।
शापूरजी पलोनजी का 25000 करोड़ का प्रस्ताव भी एजेंडे में। डिजिटल डेस्क, मुंबई। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस अपने दशकों के सबसे महत्वपूर्ण सप्ताह की ओर बढ़ रही है।
26 नवंबर को होने वाली कंपनी के निदेशक बोर्ड की बैठक में एक ऐसा बड़ा फैसला लिया जाना है, जो यह तय करेगा कि टाटा संस एक प्राइवेट कंपनी बनी रहेगी या आम जनता के लिए अपने शेयर बाजार में उतारेगी। बोर्ड के सामने दो बिल्कुल अलग रास्ते हैं। पहला रास्ता भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 16 नवंबर के उस पत्र का पालन करना है, जिसमें दोहराया गया है कि टाटा संस को अपर-लेयर गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के नियमों के तहत अपने शेयरों को शेयर बाजार में लिस्ट कराना होगा।
दूसरा रास्ता टाटा ट्रस्ट्स के 28 सितंबर के उस प्रस्ताव का है, जिसमें दो कंपनियों का टाटा संस में विलय करने की बात कही गई है। ऐसा होने पर नई इकाई एनबीएफसी और कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (सीआईसी) के दायरे से बाहर हो जाएगी और उसे आईपीओ लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। छह सदस्यीय टाटा संस बोर्ड इस मुद्दे पर पहले से ही बंटा हुआ है।
टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस के निदेशक नोएल टाटा आईपीओ लाने के विरोध में हैं, जबकि बाकी पांच निदेशक आरबीआई के नियमों के तहत लिस्टिंग के पक्ष में हैं। यह मतभेद टाटा ट्रस्ट्स के भीतर भी दिखाई दे रहा है, जहां नोएल के बड़े सौतेले भाई जिमी टाटा, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह जैसे ट्रस्टी आईपीओ लाने का समर्थन कर रहे हैं।
आरबीआई का ताजा पत्र और ट्रस्ट्स की विलय योजना दोनों ही 17 सितंबर को हुई टाटा संस की नाटकीय बोर्ड बैठक के बाद सामने आए हैं। उस बैठक में लगभग सभी निदेशकों ने आरबीआई के नियमों के अनुपालन यानी लिस्टिंग के पक्ष में तर्क दिया था। हालांकि, नोएल टाटा का मानना था कि नियमों के पालन का मतलब केवल लिस्टिंग ही नहीं है और कंपनी को अन्य विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए।
आरबीआई के पत्र में विलय के प्रस्ताव का कोई जिक्र नहीं है, लेकिन इसमें टाटा संस की बोर्ड बैठक का हवाला देते हुए कहा गया है कि केंद्रीय बैंक ने लिस्टिंग पर मार्गदर्शन मांगने के कंपनी के 6 अक्टूबर के अनुरोध को समझ लिया है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं