लोकसभा में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक को दक्षिणी राज्यों का समर्थन मिल गया है, क्योंकि वे 1963 के परिसीमन जैसे सीट घटने के डर से चिंतित थे। संसद में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों के समीकरण का पूरा गणित (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर) 1963 के डर से दक्षिणी राज्यों ने परिसीमन का समर्थन किया।
सरकार का 50% सीट वृद्धि प्रस्ताव दक्षिणी राज्यों के लिए लाभकारी। परिसीमन आयोग 2029 चुनावों के लिए महिला आरक्षित सीटें तय करेगा। लोकसभा में सोमवार को पेश होने वाले परिसीमन विधेयक का रास्ता तैयार है।
बताया जा रहा है कि इसके समर्थन में 365-370 वोट पड़ सकते हैं। हालांकि, यह सिर्फ सरकार की रणनीतिक जीत नहीं होगी, बल्कि दक्षिणी राज्यों के भी दोनों हाथ भरने वाले हैं। द्रमुक, वाईएसआर, तेदेपा और भारत राष्ट्र समिति जैसे दलों ने खुलकर समर्थन की घोषणा की है तो इसीलिए क्योंकि उन्हें 1963 के परिसीमन नतीजों का डर सता रहा था, जब संवैधानिक प्रविधानों के तहत उनकी लोकसभा सीटें घटा दी गई थीं।
सरकार ने उस संवैधानिक प्रक्रिया में संशोधन करते हुए जहां एकमुश्त और एक समान 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का ऐतिहासिक फैसला लिया, वहीं पिछले 50 वर्षों में लगभग ढाई गुना हो गई जनसंख्या के सही प्रतिनिधित्व को भी साधने की कोशिश की है। यह फैसला इसलिए याद रखा जाएगा, क्योंकि इसके बाद संसद समेत विधानसभाओं का स्वरूप भी बदल जाएगा।
अप्रैल 2026 में सरकार परिसीमन विधेयक के लिए लोकसभा में जरूरी संख्याबल नहीं जुटा पाई थी और वह गिर गया था। इस बीच सरकार की ओर से पर्दे के पीछे सभी राजनीतिक दलों से कई स्तर की बातचीत हुई। तृणमूल, शिवसेना जैसे कई दलों के अंदर परिवर्तन और टूट हुए और धीरे-धीरे समर्थकों का कुनबा बढ़ता रहा।
पर सबसे जरूरी समर्थन द्रमुक का था और उसका राजी होना उसकी ही मजबूरी थी। दरअसल परिसीमन एक संवैधानिक व्यवस्था है और इसे रोका या टाला तभी जा सकता है जब संसद ही प्रस्ताव करे। दक्षिण के राजनीतिक दलों को इसका अहसास है कि वर्तमान में लाए गए प्रस्ताव को पारित न करवाएं तो हाथ उनके ही जलेंगे।
फिलहाल संविधान में आबादी के हिसाब से परिसीमन की व्यवस्था है। इसी आधार पर कांग्रेस काल में 1961 की जनगणना के बाद हुए 1963 के परिसीमन में तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 41 से घटकर 39 हो गई थीं। आंध्र प्रदेश की 43 से घटकर 42 हो गई थी।
ऐसे में एकमुश्त 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव दोनों हाथों में लड्डू जैसा है। वरना 2026 की जनगणना के आधार पर परिसीमन को कोई रोक नहीं पाता। तब जनसंख्या आधार बनती तो तमिलानाडु की सीटें 39 से घटकर 35 और केरल की 20 से घटकर 17 होने की तलवार लटक रही थी।
ऐसे में दक्षिण भारत के राजनीतिक दलों की ओर से सरकार से सीटें बढ़ाने का लिखित आश्वासन मांगा जा रहा था और उसे पूरा करते ही समर्थन की घोषणा हो गई। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं