अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता। कई क्रिकेटरों को कम उम्र में ही बड़े मंच पर खेलने का मौका मिल जाता है, जबकि कुछ खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में सालों तक मेहनत करने के बाद भी अपने मौके का इंतजार करते रहते हैं। न्यूजीलैंड के एक तेज गेंदबाज की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जिसे अब 31 साल की उम्र में पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए न्यूजीलैंड ने ब्रेट रैंडेल को अपने स्क्वॉड में शामिल किया है। रैंडेल का नाम पिछले कुछ महीनों में अपने एक असाधारण कारनामे की वजह से काफी चर्चा में रहा था। उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड बनाया था, जो 254 साल के फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास में पहले कभी नहीं बना था।
एक ओवर में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट ब्रेट रैंडेल ने मार्च 2026 में प्लंकेट शील्ड के मुकाबले में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ यह ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। उन्होंने लगातार पांच गेंदों पर पांच बल्लेबाजों को आउट कर दिया था। इस तरह वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए।
इस मुकाबले में रैंडेल ने कुल सात विकेट अपने नाम किए थे। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने विपक्षी टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई थी। इस प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू क्रिकेट के सबसे चर्चित गेंदबाजों में शामिल कर दिया।
रैंडेल के लिए न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का सफर लंबा रहा है। 31 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के नाम 145 पेशेवर मुकाबले हैं। इनमें न्यूजीलैंड ए के लिए खेले गए पांच मैच भी शामिल हैं।
वह घरेलू क्रिकेट में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। हाल ही में वह इंग्लैंड में डर्बीशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप में भी खेलकर लौटे हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन का उन्हें अब बड़ा इनाम मिला है।
न्यूजीलैंड ने रैंडेल के साथ ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन को भी टीम में शामिल किया है। हालांकि, क्लार्कसन सिर्फ पांचवें और आखिरी वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगे। वह न्यूजीलैंड के लिए छह वनडे और 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा वनडे 13 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेला जाएगा, जबकि सीरीज का आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को होगा। भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। अब देखना होगा कि ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने वाले रैंडेल को भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं