टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों के लिए लंबे स्पेल डालना और लगातार रन रोकना आसान नहीं होता। खासकर तब, जब सामने वाली टीम के बल्लेबाज क्रीज पर जम जाएं। अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए टेस्ट मैच में अफगानिस्तान के स्पिनर जिया-उर-रहमान के साथ कुछ ऐसा ही हुआ।
जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने उन्हें पूरे मैच में जमकर निशाना बनाया और उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी गेंदबाज अपने करियर में नहीं देखना चाहेगा। उनके नाम यह ऐसा कीर्तिमान दर्ज हुआ, जो बेहद शर्मनाक है। जिया-उर-रहमान टेस्ट क्रिकेट के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक ही मैच की दोनों पारियों में 150 या उससे ज्यादा रन खर्च किए।
जिम्बाब्वे की पहली पारी में उन्होंने 46 ओवर गेंदबाजी की और 170 रन दिए। इस दौरान उन्हें दो विकेट मिले। दूसरी पारी में भी कहानी नहीं बदली।
जिया ने 50 ओवर का स्पेल डाला, लेकिन इस बार भी जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ रन बनाना जारी रखा। उन्होंने 173 रन खर्च किए और दो विकेट हासिल किए। यानी पूरे मैच में 96 ओवर गेंदबाजी करने के बाद उनके खाते में चार विकेट आए, जबकि उन्होंने कुल 343 रन दिए।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दोनों पारियों के दौरान ऐसा किसी गेंदबाज के साथ नहीं हुआ। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों को काफी परेशान किया। पहली पारी में टीम ने 504 रन बनाए।
जवाब में अफगानिस्तान ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 514 रन बनाकर 10 रन की बढ़त हासिल कर ली। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने 173 रन की बड़ी पारी खेली। रहमानुल्लाह ने 113 और सेदिकुल्लाह अटल ने 105 रन बनाए।
इसके बाद जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की। कप्तान क्रेग इरविन ने नाबाद 206 रन बनाए, जबकि वेस्ली मधेवेरे ने नाबाद 100 रन का योगदान दिया। ब्रेंडन टेलर ने 82 रन बनाए।
जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 523 रन बनाकर पारी घोषित की। इस तरह अफगानिस्तान के सामने बड़ा लक्ष्य था, लेकिन मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने रन तो खूब बनाए, लेकिन जिया-उर-रहमान के लिए यह मैच उनके करियर के सबसे महंगे प्रदर्शनों में शामिल हो गया।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं