भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज में बारिश लगातार खेल का मजा खराब कर रही है। पहले दो मुकाबलों में भी मौसम ने रुकावट डाली थी और अब हैमिल्टन में तीसरा वनडे भी बारिश की भेंट चढ़ गया। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अंपायरों ने मुकाबले को रद्द करने का फैसला किया।
इस मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। भारतीय टीम इस मुकाबले में सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरी थी। शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी, लेकिन मौसम ने दोनों टीमों को मैदान पर उतरने का मौका ही नहीं दिया।
इस नतीजे के बाद भारत पांच मैचों की सीरीज में अब भी 2-0 से आगे है। हैमिल्टन के सेडन पार्क में मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजे शुरू होना था, तेज बारिश के कारण टॉस में देरी हुई। मैदान की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने मैच को 50 की जगह 40-40 ओवर का कराने का फैसला किया।
इसके बाद टॉस हुआ और शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के खिलाफ बाजी जीतकर गेंदबाजी चुनी। टॉस के तुरंत बाद फिर से बारिश शुरू हो गई। मैदान को दोबारा ढकना पड़ा और मुकाबले का इंतजार बढ़ता चला गया।
बीच-बीच में मौसम सुधरने की उम्मीद जरूर जगी, लेकिन लगातार बारिश के कारण खेल शुरू नहीं हो सका। मुकाबले को छोटा किए जाने के साथ खेलने की पावरप्ले नियमों में भी बदलाव किया गया था। 40 ओवर की एक पारी में किसी गेंदबाज को अधिकतम 8 ओवर करने की अनुमति थी।
वहीं, पहला पावरप्ले 1 से 8 ओवर, दूसरा 9 से 32 ओवर और तीसरा 33 से 40 ओवर तक निर्धारित किया गया था। हालांकि बारिश के कारण इन बदले हुए नियमों के तहत भी मैच नहीं हो पाया। भारत ने सीरीज के पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया था।
इसके बाद दूसरे मुकाबले में भी टीम इंडिया ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न नियम के तहत 4 रन से जीत दर्ज की थी। दोनों मैच बारिश से प्रभावित रहे थे। तीसरा मुकाबला रद्द होने के बाद भारत की बढ़त 2-0 बनी हुई है।
अब सीरीज के आखिरी दो मैचों में न्यूजीलैंड के पास वापसी करने का मौका होगा, जबकि भारतीय टीम एक और जीत के साथ सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं