Akhilesh Yadav Manifesto 2027 PDA Special: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (SP) ने अपने 'PDA का प्रणपत्र' में पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचित तबकों को केंद्र में रखा है। अखिलेश यादव की राजनीति में 'PDA' लंबे समय से प्रमुख नारा रहा है।
अब पार्टी के घोषणापत्र में इसे सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना, आरक्षण, सरकारी नौकरियों में रिक्त पद भरने और सरकारी ठेकों में हिस्सेदारी जैसे प्रस्तावों के जरिए नीतिगत रूप देने की कोशिश दिखाई देती है। 26 नवंबर 2026 को जारी 'जन-मन का मैनिफेस्टो 2027' के शुरुआती हिस्से में ही संविधान, आरक्षण, सामाजिक-आर्थिक-राजनीतिक न्याय और वंचितों की गरिमा की रक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
घोषणापत्र में शिक्षा, रोजगार, किसान, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यक कल्याण जैसे विषय भी शामिल हैं। हालांकि, हर वादे का लाभ किसे, किस प्रक्रिया से और कितने समय में मिलेगा, इसका खाका सभी प्रस्तावों में स्पष्ट नहीं है। PDA को घोषणापत्र में कितनी जगह मिली?
PDA का जिक्र सिर्फ प्रस्तावना या राजनीतिक नारे तक सीमित नहीं है। घोषणापत्र के सामाजिक न्याय वाले हिस्से में जातिगत जनगणना, आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन, सरकारी सेवाओं में बैकलॉग पदों को भरने और दलित उद्यमियों को बढ़ावा देने के प्रस्ताव दिए गए हैं। इसके अलावा, सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है।
इससे साफ है कि सपा ने PDA को केवल पहचान की राजनीति के बजाय सरकारी संसाधनों, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक अवसरों में हिस्सेदारी से जोड़ने की कोशिश की है। PDA की राजनीति में जातिगत जनगणना एक अहम मुद्दा रहा है। घोषणापत्र में कहा गया है कि सपा की सरकार देश में जातिगत जनगणना शुरू करेगी।
इसके जरिए अलग-अलग जातियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन कर उनके उत्थान के लिए योजनाएं बनाने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव का राजनीतिक महत्व यह है कि सामाजिक न्याय की मांग को आंकड़ों और नीतिगत फैसलों से जोड़ने का दावा किया गया है। घोषणापत्र में संविधान आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू करने का वादा किया गया है।
सरकारी सेवाओं में खाली बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की बात भी कही गई है। इसके अलावा, सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने का प्रस्ताव है। पार्टी का दावा है कि इससे उन समुदायों की भागीदारी बढ़ेगी, जिन्हें सरकारी अवसरों और संसाधनों तक पहुंच में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
घोषणापत्र के सबसे अहम आर्थिक प्रस्तावों में से एक है ₹50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलितों और PDA के लिए 50 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करने का वादा। यह प्रस्ताव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें सामाजिक प्रतिनिधित्व को सरकारी खरीद और ठेकों से मिलने वाले आर्थिक अवसरों के साथ जोड़ने की कोशिश की गई है।
इसके साथ ही दलित उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए दलित स्टार्टअप फंड बनाने की बात कही गई है। हालांकि, ठेकों में आरक्षण का दायरा, पात्र लाभार्थियों की परिभाषा, लागू करने की कानूनी व्यवस्था और निगरानी की प्रक्रिया घोषणापत्र में विस्तार से स्पष्ट नहीं की गई है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं