Parliament Session 2026: संसद की आगामी बैठकों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने का अनुरोध किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 26 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी।
उनके मुताबिक, सरकार ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। जरूरी सरकारी कामकाज पूरा होने पर कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती है। बैठक बुलाने के पीछे सरकार ने फिलहाल किसी खास विधेयक का नाम नहीं बताया है।
लेकिन महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर चल रही बहस के बीच इन तारीखों को अहम माना जा रहा है। इससे पहले महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाले प्रस्ताव पर संसद में सहमति नहीं बन पाई थी। अब सवाल है कि क्या सरकार फिर से ऐसा विधेयक लाने की तैयारी में है, विपक्ष इस बार क्या रुख अपनाएगा और क्या दिसंबर की बैठक में महिला आरक्षण पर कोई बड़ा फैसला हो सकता है?
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने दोनों सदनों की बैठक बुलाने के लिए संबंधित पीठासीन अधिकारियों से अनुरोध किया है। आधिकारिक तौर पर इसका उद्देश्य जरूरी सरकारी कामकाज निपटाना बताया गया है। हालांकि, किस विधेयक या प्रस्ताव पर चर्चा होगी, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बैठक की तारीखें ऐसे समय तय की गई हैं, जब महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच चर्चा चल रही है। इसलिए संसद की इन बैठकों में इस मुद्दे पर आगे बढ़ने की संभावना को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। फिलहाल इसे किसी खास विधेयक के लिए बुलाए गए विशेष सत्र के तौर पर घोषित नहीं किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने दोनों सदनों की बैठक जरूरी सरकारी कामकाज के लिए बुलाने का अनुरोध किया है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 को शुरू हुआ था। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी।
लेकिन कार्यवाही स्थगित होने और सत्र का औपचारिक समापन होने में अंतर होता है। अनिश्चितकाल के लिए स्थगन का मतलब यह नहीं है कि सत्र औपचारिक रूप से समाप्त हो गया। कार्यवाही स्थगित होने के बाद भी सत्र का औपचारिक समापन राष्ट्रपति के आदेश से किया जाता है।
इसी वजह से संसद की अगली बैठकों को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि क्या मानसून सत्र को ही आगे बढ़ाया जाएगा या फिर औपचारिक समापन के बाद शीतकालीन सत्र की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। घोषणा में बैठक बुलाने के अनुरोध की जानकारी है, लेकिन दोनों सदनों के सत्र की औपचारिक स्थिति में बदलाव का अलग से विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं