Ayushmann Khurrana: बॉलीवुड में स्टार्स को धमकी देने और उनसे फिरौती मांगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद फिल्मी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच एक्टर आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो मैसेज भेजने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जिसे बेंगलुरु से पकड़ा गया है। पेशे से आईटी सेक्टर में काम करने वाले वैभव पर आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत कई लोगों को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजने का आरोप है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर भेजता था धमकी भरे मैसेज पुलिस सूत्रों के मुताबिक वैभव मिश्रा कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताकर अलग-अलग लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने कई फिल्मी हस्तियों को ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थीं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इन धमकियों के पीछे उसका असली मकसद क्या था और क्या वह किसी संगठित गिरोह के संपर्क में था। आयुष्मान खुराना से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने का आरोप -दरअसल आयुष्मान खुराना को हाल ही में एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था।
इस रिकॉर्डिंग में मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था और एक्टर से करोड़ों रुपये की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस की टीम ऑडियो क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज का मिलान अपने रिकॉर्ड में मौजूद वॉयस सैंपल से कर रही थी।
इसके अलावा साइबर सेल की मदद से मैसेज भेजने वाले मोबाइल नंबर और उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही थी। अब वैभव मिश्रा को हिरासत में लिए जाने के बाद जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। आयुष्मान खुराना से पहले एक्टर तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था।
इस मैसेज में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताने वाले शख्स ने तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। धमकी मिलने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दी गई थी।
अब वैभव मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों मामलों के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर सकती है। बॉलीवुड स्टार्स को मिल रही धमकियों के बीच 18 अक्टूबर 2026 को एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था। घटना के समय अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे।
हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए थे लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं