पटना: बिहार में महिला शिक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक कारणों से जिन महिलाओं की पढ़ाई बीच में छूट गई थी, वे अब दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़कर अपने सपनों को पूरा कर रही हैं। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) की मैट्रिक परीक्षा के परिणाम में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है।
परीक्षा में सफल कुल 6,177 परीक्षार्थियों में 3,872 महिलाएं हैं, जबकि सफल पुरुषों की संख्या 2,303 रही। बीबोस की ओर से आयोजित मैट्रिक परीक्षा में कुल 13,923 शिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 6,177 परीक्षार्थी सफल हुए।
परीक्षा का कुल परिणाम लगभग 48 प्रतिशत रहा। सफल परीक्षार्थियों में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 62. 7 प्रतिशत रही, जबकि पुरुषों की भागीदारी लगभग 37.
3 प्रतिशत दर्ज की गई। बीबोस की ओपन स्कूलिंग व्यवस्था उन लोगों के लिए शिक्षा का दूसरा अवसर बनकर उभरी है, जो किसी कारणवश नियमित विद्यालयों में अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सके। इसमें विशेष रूप से महिलाएं और बालिकाएं लाभान्वित हो रही हैं।
पारिवारिक जिम्मेदारियों, आर्थिक कठिनाइयों और सामाजिक परिस्थितियों के कारण कई महिलाओं को बीच में ही पढ़ाई छोड़नी पड़ती है। ऐसे में ओपन स्कूलिंग उन्हें अपनी सुविधा पढ़ाई जारी रखने का अवसर प्रदान कर रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ अपनी शैक्षणिक योग्यता भी पूरी कर पा रही हैं।
पिछले सत्रों की तुलना में बीबोस में नामांकन और परीक्षा में भागीदारी बढ़ने का रुझान सामने आया है। इससे पता चलता है कि वैकल्पिक और लचीली शिक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। नियमित विद्यालयी शिक्षा से दूर हो चुके विद्यार्थी अब ओपन स्कूलिंग के माध्यम से अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी करने का प्रयास कर रहे हैं।
यह व्यवस्था उन शिक्षार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जिन्हें नौकरी, पारिवारिक जिम्मेदारियों या अन्य परिस्थितियों के कारण नियमित रूप से स्कूल जाना संभव नहीं हो पाता। बीबोस के माध्यम से शिक्षार्थियों को केवल मैट्रिक की पढ़ाई पूरी करने का अवसर ही नहीं मिल रहा, बल्कि आगे की शिक्षा और बेहतर भविष्य की संभावनाओं के रास्ते भी खुल रहे हैं।
मैट्रिक परीक्षा के परिणाम में महिलाओं की अधिक संख्या महिला शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है। इससे स्पष्ट होता है कि लचीली शिक्षा व्यवस्था उन महिलाओं को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने में मदद कर रही है, जिनके शैक्षणिक सपने किसी कारणवश अधूरे रह गए थे। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं