लोकसभा परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार की नई कोशिश के बीच दक्षिण भारत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब तक इस मुद्दे पर विरोध का झंडा उठाने वाली डीएमके (DMK) भी अपने रुख पर दोबारा विचार करने को तैयार दिख रही है। पार्टी ने संकेत दिया है कि अगर तमिलनाडु की संसद में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की कानूनी गारंटी मिलती है, तो वह प्रस्तावित बिल का समर्थन कर सकती है।
वहीं, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने भी क्षेत्रीय संतुलन की शर्त पर विधेयक के समर्थन की बात कही है। इससे केंद्र सरकार को संसद में नए राजनीतिक समीकरण बनाने का मौका मिल सकता है। लेकिन इसे दक्षिण भारत की पार्टियों का बीजेपी के साथ आना नहीं माना जा सकता।
दोनों दलों की मुख्य चिंता अपने-अपने राज्यों की संसद में राजनीतिक हिस्सेदारी बचाने की है। ऐसे में परिसीमन पर समर्थन का फैसला सीधे राज्य के हितों से जोड़कर देखा जा रहा है। YSRCP ने परिसीमन पर क्या रुख अपनाया?
YSRCP कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने 27 नवंबर को संकेत दिया कि पार्टी संसद में परिसीमन बिल का समर्थन करेगी, लेकिन इसके लिए क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। यानी सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया में किसी राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी कमजोर नहीं होनी चाहिए। YSRCP पहले भी महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों का समर्थन करने की बात कह चुकी है।
पार्टी के सांसद पीवी मिधुन रेड्डी ने अप्रैल में लोकसभा में कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से सीटों में समानुपातिक बढ़ोतरी का भरोसा सिर्फ मौखिक नहीं रहना चाहिए। इसे कानून का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। पार्टी ने आंध्र प्रदेश के भीतर भी क्षेत्रीय संतुलन और परिसीमन आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए थे।
तमिलनाडु में BJP से हाथ मिलाएगी DMK? परिसीमन बिल से पहले CM विजय की पार्टी TVK का दावा, जानिए पूरा सियासी खेल DMK की 2 शर्तें पूरी हुईं तो बदल सकता है रुख तमिलनाडु में डीएमके का रुख इस बहस का सबसे अहम पहलू है। पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया है कि वह परिसीमन बिल का समर्थन करने पर विचार कर सकती है, लेकिन इसके लिए दो शर्तें जरूरी हैं।
पहली शर्त यह है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा करीब 7. 2 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रहे। दूसरी मांग है कि अगला परिसीमन नवीनतम जनगणना के आधार पर कम से कम 25 साल बाद ही कराया जाए।
डीएमके का तर्क है कि तमिलनाडु ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए लंबे समय तक काम किया है। अगर नई सीटों का बंटवारा आबादी के आधार पर हुआ, तो बेहतर जनसंख्या नियंत्रण करने वाले दक्षिणी राज्यों की संसद में हिस्सेदारी घट सकती है। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से सिर्फ भरोसा देना काफी नहीं होगा।
इन सुरक्षा उपायों को विधेयक के मसौदे में साफ तौर पर शामिल करना होगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं