परिसीमन विधेयक पर विपक्षी 'इंडी' गठबंधन की रणनीति फूट के चलते बेदम दिखी, जिसमें राकांपा, आप, बीजद और द्रमुक जैसे प्रमुख दल बैठक से अनुपस्थित रहे। इंडी गठबंधन की बैठक की तस्वीर (फोटो- X@INCIndia)। विपक्षी 'इंडी' गठबंधन की परिसीमन विधेयक पर रणनीति बेदम हुई।
राकांपा, आप, बीजद और द्रमुक जैसे दल बैठक से अनुपस्थित रहे। बिखरे विपक्षी दलों को एकजुट करने के प्रयास अब भी जारी। विपक्षी गुट इंडी गठबंधन भी मान चुका है कि इस बार उसके लिए परिसीमन और उस आधार पर महिला आरक्षण को रोकना संभव नहीं है।
हालांकि, वह विरोध की लड़ाई में थोड़ा दम दिखाने की कोशिश कर रहा है। कांग्रेस के नेतृत्व में शनिवार को इंडी गठबंधन सहित अन्य विपक्षी दलों की बैठक बुलाई गई। लेकिन, कांग्रेस का यह दांव विपक्षी फूट के चलते बेदम दिखा।
विपक्षी गठबंधन में शामिल राकांपा शरद पवार गुट की गैर-हाजिरी के साथ ही आम आदर्मी पार्टी, बीजू जनता दल और द्रमुक ने भी इससे किनारा कर लिया। हुंकार जरूर है कि विधेयक का पुरजोर विरोध किया जाएगा और किसी सूरत में इसे पारित नहीं होने दिया जाएगा, लेकिन रणनीतिक दांव फिलहाल अबूझ पहेली है।
प्रयासों के नाम पर सिर्फ यह सामने आया है कि एमके स्टालिन, सुप्रिया सुले और जगनमोहन रेड्डी को मनाने की कोशिश जारी रहेगी। हालांकि, इन नेताओं की ओर से सार्वजनिक रूप से समर्थन की बात आ गई है। इंडी गठबंधन सहित अन्य विपक्षी दलों के संसदीय नेताओं की बैठक शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बुलाई गई।
इसमें कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी शामिल हुए। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व महासचिव रामजीलाल सुमन ने किया। तृणमूल ममता गुट के अभिषेक बनर्जी के अलावा राजद, भाकपा, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और आरएसपी के नेता भी शामिल हुए।
लगभग दो घंटे इन्होंने रणनीतिक चर्चा की भी, लेकिन इस रणनीति के मायने इसलिए भी बहुत ज्यादा नहीं रहे, क्योंकि नजरें तो उन दलों के प्रतिनिधियों की तलाश में थीं, जो सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस बार 'गेमचेंजर' की भूमिका में हैं। ये वही दल हैं, जिनके बल पर अप्रैल में कांग्रेस के नेतृत्व में राजग खेमे की रणनीति को ध्वस्त किया गया था।
इंडी गठबंधन में शामिल राकांपा शरद गुट, जिसके बैठक में शामिल होने का दावा विपक्षी नेताओं द्वारा किया गया, लेकिन दल से कोई नहीं आया। बताया गया कि सुप्रिया सुले अपने पिता शरद पवार की बीमारी के कारण नहीं आ सकीं, जबकि बिल के समर्थन में उनके सकारात्मक रुखा का संकेत पहले ही मिल चुका है।
न्योता विपक्षी गुट के बाहर के दलों में द्रमुक, आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल और वाईएसआरसीपी को भी भेजा गया, लेकिन इनमें से भी कोई दल शामिल नहीं हुआ। यह दीगर बात है कि आप बिल के विरोध का एलान कर चुकी है। देखा जाए तो विपक्षी रणनीति आज भी वहीं खड़ी दिखी, जहां शुक्रवार तक नजर आ रही थी।
अब कांग्रेस के साथ बिल के विरोध में डटे विपक्षी दलों की आस सिर्फ 30 नवंबर तक बचे समय पर टिकी है। विपक्षी सूत्रों ने बताया कि बातचीत यही हुई है कि अब जबकि नंबर गेम सरकार के पक्ष में है, तो यही विकल्प बचा है कि बिखरे विपक्षी दलों को साथ लाने की और कोशिश की जाए। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं