Dhai Chaal Trailer Out: देश में इन दिनों छात्र राजनीति और युवाओं के आंदोलनों को लेकर खूब चर्चा हो रही है। कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस से उठने वाली आवाजें अब राष्ट्रीय राजनीति तक सुनाई देने लगी हैं। इसी दिलचस्प और संवेदनशील मुद्दे को पर्दे पर उतारने के लिए नई वेब सीरीज 'ढाई चाल' तैयार है।
आज यानी 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को मेकर्स ने इसका ट्रेलर जारी कर दिया, जो छात्र राजनीति के साथ सत्ता के खेल, साजिश और नेताओं की रणनीतियों की झलक दिखाता है। वेब सीरीज 'ढाई चाल' का ट्रेलर रिलीज ट्रेलर की शुरुआत एक अहम सवाल से होती है कि क्या छात्रों को राजनीति में हिस्सा लेना चाहिए या फिर उन्हें सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए?
करीब 1 मिनट 38 सेकेंड के इस ट्रेलर में गगन अरोड़ा और आदिल जफर खान यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्र नेताओं के रूप में नजर आते हैं। वहीं, राजेश कुमार और परितोष सैंड सत्ता के गलियारों में राजनीतिक चालें चलते दिखाई देते हैं। कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू ये है कि जो छात्र शुरुआत में एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आते हैं, वही आगे चलकर राजनीतिक साजिशों का शिकार होकर आमने-सामने आ जाते हैं।
क्या है 'ढाई चाल' की कहानी? कॉलेज कैंपस से शुरू होगा सत्ता का खेल -ट्रेलर की शुरुआत यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन और छात्र आंदोलनों के दृश्यों से होती है। इसमें गगन अरोड़ा मयूर भारद्वाज के किरदार में दिखाई देते हैं।
मयूर के परिवार को उस पर गर्व है, क्योंकि वह पढ़ाई, खेलकूद और नुक्कड़ नाटक जैसी अलग-अलग गतिविधियों में अपनी पहचान बना रहा है। हालांकि मयूर की असली पहचान एक ऐसे युवा की है, जो हमेशा कमजोर और दबे-कुचले लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहा है। धीरे-धीरे उसकी दिलचस्पी कैंपस की राजनीति में बढ़ने लगती है।
इसी दौरान कहानी में आदिल जफर खान की एंट्री होती है,, जो राघवेंद्र नाम के छात्र नेता का किरदार निभा रहे हैं। शुरुआत में मयूर को समझाया जाता है कि छात्र राजनीति में अपनी जगह बनाना आसान नहीं है। यहां पहले से ही राघवेंद्र जैसे प्रभावशाली नेताओं का दबदबा है।
इसके बावजूद दोनों के बीच दोस्ती होती है और वे मिलकर छात्रों के मुद्दों पर आवाज उठाने का फैसला करते हैं। ट्रेलर में मयूर और राघवेंद्र की दोस्ती एक खास मोड़ लेती है। दोनों एक-दूसरे को अपना साथी और छोटा भाई मानकर साथ काम करने लगते हैं।
उनकी कोशिश होती है कि कॉलेज के छात्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाए। इसी दौरान दोनों एक साथ नारा लगाते नजर आते हैं कि 'छात्र शक्ति क्या होती है, ये अब दिखाना पड़ेगा', लेकिन उनकी ये एकजुटता ज्यादा समय तक कायम नहीं रहती। धीरे-धीरे कैंपस की राजनीति में बाहरी नेताओं का दखल बढ़ने लगता है और दोनों युवाओं के रिश्ते में दरार आने लगती है।
यहीं से सीरीज की कहानी दोस्ती और छात्र हितों से आगे बढ़कर राजनीतिक महत्वाकांक्षा और सत्ता के संघर्ष की तरफ मुड़ जाती है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं