दिसंबर की पहली तारीख से बैंकिंग, एलपीजी, पेंशन और कमोडिटी बाजार से जुड़े कई नियमों में बदलाव हो रहे हैं। 1 दिसंबर से बदलेंगे कई नियम (फोटो-जागरण ग्राफिक्स) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिसंबर का महीना शुरू होते ही बैंकिंग, निवेश, कमोडिटी बाजार और रसोई के खर्च से जुड़े कई नियमों में बदलाव होने वाला है।
1 दिसंबर से कुछ नए नियम लागू होंगे, जबकि कुछ जरूरी समयसीमाएं और फैसले इसी महीने के दौरान सामने आएंगे। आइए जानते हैं कि 1 दिसंबर से क्या-क्या बदलने जा रहा है अगर किसी ने अभी तक घरेलू एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, तो 1 दिसंबर से गैस बुकिंग रुकने या कनेक्शन कटने जैसी स्थिति नहीं आएगी, लेकिन सरकार द्वारा अनिवार्य की गई इस प्रक्रिया को पूरा कराना जरूरी बना रहेगा।
केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को पेंशन जारी रखने के लिए 30 नवंबर तक अपना सालाना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होगा। समय पर जमा न करने पर 1 दिसंबर से पेंशन मिलने में देरी या रुकावट आ सकती है, जिसे डिजिटल माध्यम से भी जमा किया जा सकता है। 1 दिसंबर से एसबीआई क्रेडिट कार्ड के कुछ बड़े ट्रांसपोर्ट और फ्यूल पेमेंट पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज लगेगा।
30,000 रुपये से ज्यादा के कुछ ट्रांसपोर्टेशन भुगतान पर यह शुल्क लागू होगा। वहीं, एक बिलिंग साइकिल में योग्य फ्यूल ट्रांजैक्शन का कुल खर्च 50,000 रुपये से अधिक होने पर पूरे फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत चार्ज और लागू टैक्स देना होगा। सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं।
ऐसे में 1 दिसंबर को 14. 2 किलो वाले घरेलू और 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी हो सकते हैं, जिससे आम रसोई से लेकर कारोबारियों तक पर असर पड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल किसी बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।
सेबी के निर्देशों के तहत कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वालों के लिए शुरुआती मार्जिन की नई दरें 1 दिसंबर से लागू होंगी। इसके तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर 6 प्रतिशत, मध्यम उतार-चढ़ाव पर 8 प्रतिशत और ज्यादा उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर कम से कम 10 प्रतिशत शुरुआती मार्जिन जरूरी होगा, जिससे ट्रेडर्स को अधिक रकम रखनी पड़ सकती है।
NRI, OCI और शर्तें पूरी करने वाले विदेशी निवेशकों के लिए भारत आए बिना डिजिटल केवाईसी की सुविधा 3 दिसंबर से उपलब्ध होगी। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 2 से 4 दिसंबर तक होगी। रेपो रेट पर आने वाले फैसले का असर होम लोन और अन्य कर्ज की ब्याज दरों व EMI पर पड़ सकता है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं