कभी-कभी क्रिकेट के मैदान पर एक गेंद और उसके बाद होने वाला जश्न मुकाबले का सबसे चर्चित पल बन जाता है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर के बीच मैदान पर ऐसा पल आया, जिसने मैच के दौरान ही सबका ध्यान खींच लिया।
सैंटनर को आउट करने के बाद गुरनूर का अंदाज इतना आक्रामक था कि अब उसका वीडियो चर्चा में है। दिलचस्प बात यह रही कि विकेट गिरने से ठीक पहले सैंटनर ने गुरनूर की गेंद पर छक्का भी लगाया था। अगली ही गेंद पर भारतीय गेंदबाज ने हिसाब बराबर कर दिया।
इसके बाद गुरनूर ने जिस अंदाज में सैंटनर को विदाई दी, उसका वीडियो वायरल हो गया। न्यूजीलैंड की पारी का 36वां ओवर गुरनूर बराड़ कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर सैंटनर ने उनकी छोटी गेंद को डीप फाइन लेग के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया।
इसके बाद अगली गेंद पर गुरनूर ने शानदार वापसी की। सैंटनर ने गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेटकीपर केएल राहुल ने कैच पकड़ लिया। सैंटनर 38 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए।
उनका विकेट मिलते ही गुरनूर ने जोरदार अंदाज में जश्न मनाया। वह सैंटनर के करीब पहुंचे और उन्हें आक्रामक सेंड ऑफ दिया। इस दौरान उनका चेहरा और अंदाज बता रहा था कि वह विकेट हासिल करने के बाद कितने जोश में थे।
Gurnoor is on fire! His third wicket sends Santner back to the pavilion 💥Watch #NZvIND 2nd ODI LIVE now on #SonySportsNetwork & #SonyLIV! https://t. co/tOyYQ2um9v गुरनूर का यह आक्रामक जश्न उनके शानदार प्रदर्शन के बीच देखने को मिला। उन्होंने पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की और केवल 30 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।
सैंटनर के अलावा उन्होंने टॉम लैथम, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ को भी पवेलियन भेजा। गुरनूर ने इससे पहले एक ही ओवर में लैथम और फिलिप्स को आउट करके न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। उनकी गति और उछाल के सामने मेजबान बल्लेबाज सहज नजर नहीं आए।
उनकी धांसू गेंदबाजी की बदौतल टीम इंडिया ने मेजबान टीम को 134 के कुल स्कोर पर आउट कर दिया। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं