आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड डील में हार्दिक पांड्या को अपने साथ शामिल कर लिया है। वहीं पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब मुंबई की ओर से खेलेंगे।
इस बड़े बदलाव के बाद हार्दिक ने अपनी नई टीम को लेकर पहला संदेश शेयर किया है। हार्दिक का यह बयान इसलिए चर्चा में है, क्योंकि वह खुद आईपीएल में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। ऐसे में उनके पंजाब पहुंचने के बाद टीम के नेतृत्व को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक था।
लेकिन ऑलराउंडर ने अपनी पोस्ट के जरिए साफ कर दिया है कि वह नई टीम में किस भूमिका के साथ उतरने वाले हैं। हार्दिक ने सोशल मीडिया पर पंजाब किंग्स की जर्सी में अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'सत श्री अकाल, पंजाब। मेरे कप्तान श्रेयस।
मेरे कोच रिकी। मेरी टीम। पूरा पंजाब।
मैं आपके साथ खड़ा हूं। ' इस संदेश में उन्होंने श्रेयस अय्यर को अपना कप्तान और रिकी पोंटिंग को अपना कोच बताया। साथ ही पूरी टीम को समर्थन देने की बात कही।
इससे साफ संकेत मिलता है कि हार्दिक पंजाब में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने के बजाय श्रेयस के साथ मिलकर खेलने के लिए तैयार हैं। इसका सीधा अर्थ यही हुआ कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में हार्दिक पांड्या खेलने वाले हैं। इससे पहले वह गुजरात से मुंबई इंडियंस में कप्तान बनाने की शर्त पर गए थे लेकिन बुरी तरह फ्लॉप रहे थे।
इस ट्रेड में पंजाब ने अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के पास भेजा है। अर्शदीप ने आईपीएल में 96 मैचों में 111 विकेट लिए हैं। वहीं, हार्दिक के नाम 162 मैचों में 2955 रन और 82 विकेट दर्ज हैं।
पंजाब में आने के लिए हार्दिक पांड्या को मुंबई से ज्यादा रकम मिली है। वह 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं