शनिवार, 28 नवंबर 2026 12:21 AM IST
DARSH NEWS
🌤️ 14°C
विचार अखिल भारतीय 7,631 व्यूज

विचार: विद्यार्थियों के मन को समझने की पहल

DARSH NEWS डेस्क • 26 Nov 2026, 11:29 PM IST
विचार: विद्यार्थियों के मन को समझने की पहल

वर्तमान में शिक्षा को अंकों, रैंक, कटआफ, प्लेसमेंट के तराजू पर तौलने आदि से छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य की उपेक्षा हो रही है। नीति नर्सरी से पीएचडी तक के छात्रों को कवर करेगी। प्रत्येक 100 छात्रों पर एक मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर नियुक्त होगा।

तनाव, चिंता और अकेलेपन से जूझ रहे छात्रों को मिलेगा सहारा। प्रो. रसाल सिंह।

दिल्ली सरकार द्वारा हाल में शुरू की गई मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति ‘अहसास-2026’ को महज एक सरकारी घोषणा के रूप में देखना इस पहल के साथ अन्याय होगा। यह पहली बार है जब किसी राज्य सरकार ने स्वीकार किया कि छात्रों का मन भी उतनी ही देखभाल मांगता है, जितनी उनका शरीर और पठन-पाठन।

उचित यह होगा कि राज्य भी ‘अहसास’ सरीखी नीति अपनाएं, क्योंकि असुरक्षा, अकेलेपन, चिंता अवसाद आदि जिन समस्याओं से दिल्ली के छात्र जूझते हैं, उनसे ही शेष देश के भी। इसका प्रमाण यह है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित राष्ट्रीय कार्य बल के सर्वेक्षण में शामिल 2. 43 लाख छात्रों में से 9 प्रतिशत ने पिछले एक वर्ष में अक्सर या बहुधा आत्महत्या के विचार आने की बात कही, जबकि 15 प्रतिशत लंबे समय से तनाव से जूझ रहे थे।

एनसीईआरटी के सर्वेक्षण में भी 43 प्रतिशत छात्रों ने मनोदशा में उतार-चढ़ाव की बात कही। उच्च शिक्षा ले रहे 43 प्रतिशत छात्रों ने परिसर में अकेलेपन या बाहरी होने जैसा महसूस किया। ऐसे में अहसास जैसी नीति देश भर में लागू होनी चाहिए।

यह नीति शिक्षा के बढ़ते रोबोटीकरण का प्रतिकार करती है और विद्यार्थी को मशीन नहीं, बल्कि मनुष्य के रूप में पहचानती है। वर्षों से शिक्षा को अंकों, रैंक, कटआफ और प्लेसमेंट के तराजू पर तौला जाता रहा है। इस प्रक्रिया में मानसिक स्वास्थ्य की उपेक्षा होती रही और अनेक छात्र असुरक्षा, अकेलेपन, चिंता तथा अवसाद से जूझते रहे।

‘अहसास’ का अर्थ है दूसरे के दर्द को संवेदनात्मक स्तर पर समझना। नर्सरी से पीएचडी तक के छात्रों पर केंद्रित यह नीति सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ कालेजों एवं विश्वविद्यालयों पर भी लागू होगी। इससे दिल्ली के लगभग 45 लाख विद्यार्थी और युवा लाभान्वित होंगे।

इसमें 29 वर्ष तक के वे युवा भी शामिल हैं, जो औपचारिक शिक्षा से बाहर हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं या रोजगार की तलाश में मानसिक दबाव और अनिश्चितता से गुजर रहे हैं। इस नीति के तहत स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक सौ छात्रों पर एक मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर नियुक्त होगा।

संस्थानों में सुरक्षित और गोपनीय काउंसलिंग कक्ष होंगे तथा 24 घंटे सक्रिय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। प्रत्येक जिले में मानसिक कल्याण केंद्र स्थापित होंगे, जहां मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर मामलों को अस्पतालों तक पहुंचाया जाएगा।

इस नीति की एक विशेषता यह है कि मानसिक स्वास्थ्य की जिम्मेदारी केवल शिक्षक या काउंसलर तक सीमित नहीं रखी गई। ड्राइवर, आया, सहायक, शिक्षक, प्रधानाचार्य और अभिभावक सहित बच्चों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें उनके व्यवहार में अचानक आए बदलाव को पहचानने के लिए तैयार किया जाएगा।

इससे मानसिक स्वास्थ्य दैनिक जीवन का हिस्सा बन सकेगा। आज का विद्यार्थी अनेक प्रकार के दबावों से घिरा है। दसवीं के बाद विषय चयन, बारहवीं के बाद करियर, नीट, जेईई, सीयूईटी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, परिवार की अपेक्षाएं और साथियों से तुलना उसे निरंतर तनाव में रखते हैं।

परीक्षा के परिणाम आत्म-मूल्य का पैमाना बनते जा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया की आभासी दुनिया, साइबर बुलिंग, बाडी शेमिंग और डिजिटल लत इस दबाव को और बढ़ाते हैं। बदलती पारिवारिक संरचना और संवाद की कमी के बीच अनेक युवा अकेलेपन से जूझ रहे हैं।

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक पूर्वाग्रह भी समस्या को गंभीर बनाता है, क्योंकि बच्चे और अभिभावक अक्सर सहायता लेने में संकोच करते हैं। जब स्कूल-कालेज में काउंसलर उपलब्ध होंगे, शिक्षक भावनात्मक समस्याओं को समझने के लिए प्रशिक्षित होंगे और मानसिक स्वास्थ्य संस्थागत व्यवस्था का हिस्सा बनेगा, तब इसे बीमारी के बजाय देखभाल के विषय के रूप में स्वीकार करने की संभावना बढ़ेगी।

यह नीति संकट आने के बाद उपचार करने के बजाय उसकी शुरुआती पहचान और रोकथाम पर जोर देती है, ताकि बच्चे को यह अहसास हो कि वह अकेला नहीं है और उसकी समस्याओं को सुनने वाले लोग मौजूद हैं। हालांकि अहसास जैसी नीति का प्रभावी क्रियान्वयन आसान नहीं। प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिकों और काउंसलरों की कमी एक बड़ी चुनौती है।

बच्चों की समस्याओं और काउंसलिंग से जुड़े रिकार्ड की गोपनीयता बनाए रखना भी अनिवार्य होगा। यदि उनकी निजी बातें सार्वजनिक हुईं या डाटा का दुरुपयोग हुआ तो व्यवस्था के प्रति विश्वास कमजोर पड़ सकता है। इसके अलावा नीति के औपचारिक कार्यक्रम बनकर रह जाने का खतरा भी है।

इन चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारों, शिक्षकों और अभिभावकों के साझा प्रयास आवश्यक होंगे। स्वस्थ मन वाले विद्यार्थी बेहतर सीखते हैं, अधिक रचनात्मक होते हैं और अपने जीवन तथा समाज के प्रति अधिक संवेदनशील दृष्टि विकसित कर सकते हैं। ध्यान रहे शिक्षा का उद्देश्य केवल सफल पेशेवर तैयार करना नहीं, बल्कि स्वस्थ मन, संवेदनशीलता और विवेक से संपन्न मनुष्य बनाना भी है।

(लेखक दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में प्रोफेसर हैं) संपादकीय आलेखapnibaatThu, 26 Nov 2026 11:29 PM (IST)विचार: विद्यार्थियों के मन को समझने की पहल।

समाचार स्रोत: DARSH NEWS

पाठक प्रतिक्रियाएं

इस श्रेणी की अन्य ख़बरें

होम
राजनीति
खेल
सिनेमा
वायरल