शनिवार, 28 नवंबर 2026 12:21 AM IST
DARSH NEWS
🌤️ 14°C
विचार अखिल भारतीय 4,519 व्यूज

विचार: मात्र चुनावी नहीं अकाली-भाजपा गठबंधन

DARSH NEWS डेस्क • 26 Nov 2026, 11:24 PM IST
विचार: मात्र चुनावी नहीं अकाली-भाजपा गठबंधन

छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के फिर साथ आने से पंजाब की सत्ता का संघर्ष त्रिकोणीय होना तय। छह साल बाद अकाली दल-भाजपा गठबंधन की वापसी। पंजाब में सत्ता संघर्ष अब त्रिकोणीय होगा।

गठबंधन का उद्देश्य सामाजिक समीकरण मजबूत करना। राज कुमार सिंह। पंजाब विधानसभा चुनाव की बिसात पर एक बड़ी चाल चल दी गई।

छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल और भाजपा में फिर गठबंधन होने से पंजाब की सत्ता का संघर्ष त्रिकोणीय हो जाएगा, जो अभी तक सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच दिख रहा था। सत्ता के दावेदारों का भविष्य तो मतदाता ही तय करेंगे, लेकिन अकाली-भाजपा गठबंधन को महज चुनावी नजरिए से देखना जमीनी वास्तविकता और चुनौतियों को अनदेखा करना होगा।

पंजाब की गिनती दो ध्रुवीय राजनीति वाले ऐसे राज्यों में होती रही, जहां हर चुनाव में सरकार बदलती रही, लेकिन 2007 और 2012 में अकाली-भाजपा गठबंधन ने लगातार सरकार बनाई। दोनों दलों का रिश्ता राजग के अस्तित्व में आने यानी 1996 से भी पहले का है। इस रिश्ते की शुरुआत 1967 में ही हो गई थी, जब पहली बार पंजाब विधानसभा के त्रिशंकु बनने पर अकाली दल ने भाजपा के पूर्ववर्ती संस्करण जनसंघ के साथ मिल कर सरकार बनाई।

छह साल बाद गुरु पर्व पर दोनों दलों में पुन: गठबंधन की घोषणा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने याद दिलाया कि अटल बिहारी वाजपेयी, प्रकाश सिंह बादल और लालकृष्ण आडवाणी ने परस्पर विश्वास की बुनियाद पर इसे बनाया। आम तौर पर सत्ता की खातिर बनने वाले गठबंधनों में दरार का कारण भी सत्ता ही बनती है।

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री बनने के लिए उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सरीखे वैचारिक विरोधियों से हाथ मिला लिया तो बिहार में नीतीश कुमार भी दो बार पाला बदल कर धुर विरोधी राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के साथ सरकार चला आए। अकाली-भाजपा अलगाव के कारण कुछ अलग रहे।

2020 में मोदी सरकार कृषि और किसानों के हितों की रक्षा का दावा करते हुए तीन कृषि कानून लेकर आई, पर पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ किसान संगठनों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। अंततः प्रधानमंत्री ने नवंबर 2021 में गुरु पर्व के दिन ही तीनों कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की, पर अकाली दल इसके पहले ही पंजाब के बदलते राजनीतिक मिजाज को देखते हुए राजग से रिश्ता तोड़ चुका था।

कृषि कानून लागू होने के समय पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार थी। उसने कृषि कानूनों के खिलाफ मोदी सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। नुकसान के भय से अकाली दल मोदी सरकार और राजग से अलग हो गया।

राजनीतिक रिश्तों का खेल देखिए कि वही अमरिंदर सिंह भाजपा में आ गए। तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने के बाद भी अकाली दल और भाजपा के साथ आने में समय लगा तो जाहिर है, दोनों के बीच और भी गिले-शिकवे रहे। 1996 में गठबंधन में भाजपा की भूमिका इतने छोटे भाई की थी कि उसे 117 में से मात्र 23 सीटें लड़ने को मिलीं।

2017 के चुनाव तक उसकी यही हैसियत बनी रही। पंजाब के हिंदू मतदाताओं का स्वाभाविक प्रतिनिधि समझने वाली भाजपा विस्तार करना चाहती थी, पर अकाली वर्चस्व के चलते कर नहीं पाई। अलगाव के बाद दोनों ने 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों में अलग-अलग जोर आजमाइश की।

दोनों चुनावों में दोनों ही दलों को झटका लगा। विधानसभा चुनाव में “आप” ने 42 प्रतिशत से भी ज्यादा मतों के साथ 92 सीटें जीत कर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई तो सत्ता गंवाने वाली कांग्रेस 17 सीटों पर ही सिमट गई। अकाली दल मात्र तीन सीटें जीत पाया तो भाजपा दो।

लोकसभा चुनाव में अकाली दल एक सीट जीतने में सफल रहा तो मत प्रतिशत बढ़ने के बाद भी भाजपा खाता नहीं खोल पाई। इसके बाद अकाली दल में बिखराव शुरू हो गया। उसके कई नेता दल छोड़ गए।

यदि अभी हाल तक अकाली दल और भाजपा, दोनों ही अकेले चुनाव लड़ने का दम भरते रहे तो उसके कारण रणनीतिक ज्यादा थे। फिर से साथ आने के लिए दोनों ही अपनी ताकत बढ़ाना चाहते थे, ताकि सीट बंटवारे में सौदेबाजी की हैसियत बनाते हुए विजयी समीकरण बनाया जाए। भाजपा ने यह काम अन्य दलों से नेता तोड़ कर किया तो अकाली दल ने पुराने नेताओं को वापस लाकर।

2021 तक कांग्रेस के बड़े चेहरे रहे अमरिंदर सिंह के साथ सुनील जाखड़ आज भाजपा में हैं, “आप” के पंजाब के सात राज्यसभा सांसद और तीन विधायक भी कमल थाम चुके हैं। ‘वारिस पंजाब दे’ बनाने वाले निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह के अलगाववादी एजेंडे को नाकाम करने के लिए सुखबीर बादल पंथक राजनीति पर भी अपनी पकड़ पुन: मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

पंजाब की राजनीति में सिख और हिंदू ही दो बड़े समुदाय हैं। हालांकि कांग्रेस को इन दोनों समुदायों का समर्थन मिलता रहा है, पर अकाली दल जहां सिख समुदाय और ग्रामीण क्षेत्रों में गहरा असर रखता है, वहीं भाजपा शहरी क्षेत्रों और हिंदुओं की स्वाभाविक पसंद है। यही सामाजिक समीकरण अकाली-भाजपा गठबंधन को कई चुनौतियों से घिरे सीमावर्ती राज्य पंजाब के लिए महज चुनावी राजनीति से भी ज्यादा महत्वपूर्ण बनाता है।

अतीत में इस गठबंधन ने खालिस्तान की आड़ में आतंक फैलाने वाली ताकतों द्वारा सिख और हिंदू समुदाय में दरार डालने के मंसूबों को नाकाम किया है। सीमा पार प्रायोजित आतंकवाद का दंश झेलने वाले पंजाब के लोगों से अकाली-भाजपा गठबंधन को मिले आशीर्वाद का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 1997 के चुनाव में उसे 93 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत मिला।

अकाली दल अकेले बहुमत से बहुत ज्यादा 75 सीटें जीत गया, लेकिन उसने भाजपा के साथ मिल कर ही सरकार बनाई। साथ लड़े पांच विधानसभा चुनावों में से तीन में इस गठजोड़ को सत्ता का जनादेश मिला। अमित शाह ने बिना किंतु-परंतु मान लिया कि गठबंधन में अकाली दल ही बड़ा भाई रहेगा और बहुमत मिलने पर सुखबीर बादल मुख्यमंत्री होंगे, पर इसका अर्थ यह नहीं कि भाजपा पहले की तरह बहुत छोटा भाई बनी रहेगी।

लोकसभा चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत अकाली दल से ज्यादा रहा। ऐसे में भाजपा की कोशिश अपनी पुरानी हिस्सेदारी को दोगुना करने की रहेगी। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं) संपादकीय आलेखapnibaatThu, 26 Nov 2026 11:24 PM (GMT+05:30)विचार: मात्र चुनावी नहीं अकाली-भाजपा गठबंधन।

समाचार स्रोत: DARSH NEWS

पाठक प्रतिक्रियाएं

इस श्रेणी की अन्य ख़बरें

होम
राजनीति
खेल
सिनेमा
वायरल