शनिवार, 28 नवंबर 2026 12:21 AM IST
DARSH NEWS
🌤️ 14°C
विचार अखिल भारतीय 13,893 व्यूज

विचार: सोनिया गांधी की स्मृतियों का भारत

DARSH NEWS डेस्क • 27 Nov 2026, 11:30 PM IST
विचार: सोनिया गांधी की स्मृतियों का भारत

दुनिया ने सोनिया को अब तक दूसरों के चश्मे से देखा है, लेकिन उनकी पुस्तक से लोगों को उन्हें उनके अपने चश्मे से देखने का अवसर मिला। सोनिया की पुस्तक 'बीलोंगिंग' निजी जीवन और सार्वजनिक इतिहास का संगम। राजीव गांधी से प्रेम, विवाह और भारत से गहरा जुड़ाव।

राजनीति में अनिच्छा के बावजूद कांग्रेस का नेतृत्व संभाला। राजीव शुक्ला। कुछ परिवार ऐसे होते हैं, जिनकी निजी जिंदगी भी सार्वजनिक इतिहास का हिस्सा बन जाती है।

उनके घरों में होने वाली बातचीत, रिश्तों में पैदा होने वाली दूरियां, पारिवारिक उत्सव और व्यक्तिगत त्रासदियां भी किसी न किसी रूप में देश की राजनीति और राष्ट्रीय स्मृति से जुड़ जाती हैं। नेहरू-गांधी परिवार ऐसा ही एक परिवार है। इस परिवार को अब तक मुख्यतः सत्ता, स्वतंत्रता आंदोलन, प्रधानमंत्री पद, राजनीतिक संघर्ष और चुनावी घटनाओं के माध्यम से समझा गया है, लेकिन सोनिया गांधी की पुस्तक बीलोंगिंगः ए जर्नी आफ लव इस परिवार को देखने के लिए एक अलग खिड़की खोलती है।

यह सत्ता के गलियारों से अधिक परिवार और उन स्मृतियों की किताब है, जिन्हें अक्सर सार्वजनिक इतिहास में जगह नहीं मिलती। एक इंसान दूसरे से मिलता है और प्रेम में बहुत कुछ पीछे छूट जाता है, लेकिन जब प्रेम ही जीवन से छूट जाए तो इंसान के हिस्से में क्या बचता है? कुछ यादें, कुछ रिश्ते और अकेलापन।

सोनिया के हिस्से में भी यह अकेलापन आया, लेकिन उनके हिस्से में एक पूरा देश भी बचा। वह देश, जिसे उन्होंने प्रेम के कारण अपनाया और जो धीरे-धीरे उनकी पहचान का हिस्सा बन गया। भारत उनके लिए केवल रहने की जगह नहीं रहा, बल्कि उनके जीवन की स्मृतियों, सुखों और दुखों का घर बन गया।

कई बार इंसान पीछे मुड़कर अपने सफर को देखता है और कुछ बातें होती हैं, जो मन में रह जाती हैं और कुछ भावनाएं होती हैं, जिन्हें शब्द देना जरूरी लगता है। सोनिया की यह पुस्तक भी ऐसी ही कोशिश लगती है। दुनिया ने सोनिया को अब तक दूसरों के चश्मे से देखा है, लेकिन पहली बार लोगों को उन्हें उनके अपने चश्मे से देखने का अवसर मिलता है।

वह अपने जीवन को किसी दूसरे की बनाई छवि से नहीं, बल्कि अपनी यादों से समझाती हैं। जवाहरलाल नेहरू की आत्मकथा के प्रकाशन के लगभग नौ दशक बाद सोनिया की यह आत्मकथात्मक पुस्तक सामने आई है। नेहरू ने स्वतंत्रता आंदोलन, जेल, देश और अपने विचारों के बीच अपने जीवन को समझने की कोशिश की थी।

सोनिया ने प्रेम, परिवार, दुख और राजनीति के बीच अपने लंबे सफर को शब्द दिए हैं। सोनिया की पुस्तक पढ़ते हुए पता चलता है कि उनके जीवन में भी नेहरूजी की तरह संवेदनशीलता और सार्वजनिक जीवन की कठोरता साथ-साथ चलती हैं। वे राजनीति में नहीं आना चाहती थीं, पर परिस्थितियां उन्हें कांग्रेस जैसी बड़ी राजनीतिक संस्था के नेतृत्व तक ले गईं।

एक ओर राजनीति से दूरी बनाने की इच्छा है, दूसरी ओर उससे जुड़े फैसलों और संघर्षों को स्वीकार करने की मजबूरी। शायद किसी व्यक्ति को समझने के लिए उसके भीतर मौजूद इन विरोधाभासों को समझना जरूरी होता है। कैंब्रिज में सोनिया गांधी की राजीव गांधी से हुई मुलाकात प्रेम में बदली और फिर विवाह हुआ।

पायलट के रूप में काम करना राजीव के लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि अपनी पसंद का जीवन जीने का तरीका था। देश ने राजीव को प्रधानमंत्री के रूप में जाना, लेकिन घर के भीतर वह एक पति, पिता और अपने शौक से प्रेम करने वाले इंसान थे। भारत आने के बाद सोनिया के लिए भाषा, भोजन, मौसम और सामाजिक व्यवहार सब कुछ नया था।

शुरुआती दिनों में तेजी बच्चन का स्नेह उन्हें एक नए देश में अपनापन देता है। सोनिया की स्मृतियों में इंदिरा केवल प्रधानमंत्री नहीं, एक मां, दादी और घर संभालने वाली महिला भी हैं। कांग्रेस का इतिहास भी इस परिवार के निजी जीवन के साथ चलता है।

सोनिया की पुस्तक का सबसे मार्मिक पक्ष उनका निजी दुख है। पहले बच्चे को जन्म के तुरंत बाद खो देना एक ऐसी पीड़ा थी, जिसे कोई राजनीतिक पहचान कम नहीं कर सकती। उस बच्चे को परिवार के फार्महाउस में दफनाया गया।

बाद में राहुल का जन्म हुआ और परिवार में नई खुशियां आईं। इंदिरा और सोनिया के संबंधों में भी कभी निकटता तो कभी मतभेद दिखाई देते हैं। इससे पता चलता है कि बड़े राजनीतिक परिवारों में भी रिश्ते सामान्य परिवारों की तरह ही प्रेम, असहमति और भावनाओं से बनते हैं।

1984 में इंदिरा गांधी की हत्या ने देश और परिवार, दोनों को गहरे सदमे में डाल दिया। राजीव गांधी को अचानक प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। बोफोर्स विवाद ने उनकी सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाया और 1989 में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई।

21 मई, 1991 को श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या ने सोनिया और उनके बच्चों का जीवन बदल दिया। देश ने एक पूर्व प्रधानमंत्री और बड़े नेता को खोया, लेकिन परिवार ने अपना सबसे प्रिय व्यक्ति खो दिया। सोनिया के वर्णन में उस रात प्रियंका का मां को संभालना, राहुल का विदेश से लौटना और अंतिम संस्कार के दृश्य किसी राजनीतिक घटना का विवरण भर नहीं हैं।

वे उस दुख की यादें हैं जिसे शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता। राजीव की मृत्यु के बाद सोनिया ने लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखी, लेकिन कांग्रेस का कमजोर होता संगठन और नेतृत्व का संकट उन्हें सार्वजनिक जीवन में ले आया। 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने ऐसी पार्टी की जिम्मेदारी संभाली, जो अपने राजनीतिक प्रभाव को खो रही थी।

प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने और मनमोहन सिंह को इस जिम्मेदारी के लिए आगे करने का उनका निर्णय भारतीय राजनीति की बड़ी घटनाओं में शामिल रहा। इसके बाद कांग्रेस का नेतृत्व करना, गठबंधन संभालना और पार्टी को राजनीतिक चुनौतियों के बीच बनाए रखना उनके लंबे सार्वजनिक जीवन का हिस्सा बना।

सोनिया की पुस्तक पढ़ते हुए यह समझ आता है कि किसी व्यक्ति का जीवन केवल उसके पदों और फैसलों से नहीं बनता। उसके भीतर कुछ ऐसे हिस्से भी होते हैं, जिन्हें दुनिया कभी नहीं देख पाती। शायद इस पुस्तक का अर्थ इसके शीर्षक में ही छिपा है।

अपनापन हमेशा जन्म से नहीं मिलता। कभी-कभी प्रेम किसी इंसान को एक नए देश से जोड़ देता है और समय के साथ वही देश उसका घर बन जाता है। किसी आत्मकथा की सबसे बड़ी सफलता भी यही है कि वह अपने समय के इतिहास के बीच उस इंसान को खोज ले, जिसे दुनिया अक्सर भूल जाती है।

(लेखक कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य हैं) संपादकीय आलेखapnibaatFri, 27 Nov 2026 11:35 PM (IST)विचार: एआई दिखाएगा कारोबार को नई राह।

समाचार स्रोत: DARSH NEWS

पाठक प्रतिक्रियाएं

इस श्रेणी की अन्य ख़बरें

होम
राजनीति
खेल
सिनेमा
वायरल