शनिवार, 28 नवंबर 2026 12:17 AM IST
DARSH NEWS
🌤️ 14°C
विचार अखिल भारतीय 10,003 व्यूज

जागरण संपादकीय: अनावश्यक आपत्ति

DARSH NEWS डेस्क • 27 Nov 2026, 11:24 PM IST
जागरण संपादकीय: अनावश्यक आपत्ति

कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दी है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है, इसे मोदी सरकार की सत्ता पर कब्जा करने की रणनीति बता रही है। कांग्रेस महिला आरक्षण विधेयक में परिसीमन के प्रावधान का विरोध कर रही है। सरकार महिला आरक्षण लागू करने हेतु परिसीमन को आवश्यक मानती है।

कांग्रेस इसे मोदी सरकार की राजनीतिक लाभ की रणनीति बताती है। परिसीमन और महिला आरक्षण संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की स्वीकृति के साथ ही विपक्ष और विशेष रूप से कांग्रेस भी अपनी रणनीति बनाने में जुट गई है। यद्यपि उसके कुछ सहयोगी दलों ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं का रवैया यही बता रहा कि वह विरोध के रास्ते पर ही चलना पसंद करेगी।

इसका पता कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के इस कथन से चलता है कि मोदी सरकार परिसीमन के बहाने सत्ता पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को संविधान पर हमला बताते हुए उसका पूरी ताकत से विरोध करने के इरादे भी जाहिर कर दिए। स्पष्ट है कांग्रेस यह समझने को तैयार नहीं कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन आवश्यक है।

आखिर वह इसे क्यों विस्मृत कर रही है कि 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम नाम से संसद से सर्वसम्मति से पारित महिला आरक्षण कानून यह कहता था कि 2029 के आम चुनाव के पहले नई जनगणना आधारित परिसीमन के बाद नारी शक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। चूंकि जनगणना में देरी हो गई और 2029 के पहले उसके आंकड़ों के आधार पर परिसीमन होना संभव नहीं, इसलिए यदि महिला आरक्षण कानून लागू करने के वचन को पूरा करना है तो इस कानून में संशोधन के साथ इस आशय का विधेयक पारित करना आवश्यक है कि पिछली यानी 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन किया जाए।

कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा है। कांग्रेस मांग कर रही है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू हो। इसमें संदेह है कि कांग्रेस समेत अन्य दलों के पुरुष सांसद महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें छोड़ने को तैयार होंगे।

यदि वे तैयार होते भी हैं तो अपने घर-परिवार की महिलाओं को ही आगे करेंगे। इससे तो महिला आरक्षण का उद्देश्य ही विफल हो जाएगा? कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी दलों को यह आशंका सता रही है कि मोदी सरकार परिसीमन इस तरह कराएगी कि भाजपा को राजनीतिक लाभ मिले।

उसे यह भूलना नहीं चाहिए कि मनमोहन सरकार के समय लोकसभा सीटों का परिसीमन भौगोलिक आधार पर हुआ था और इसके बाद 2009 के आम चुनावों में उसे 2004 के चुनावों के मुकाबले करीब 60 सीटें अधिक मिली थीं। क्या यह माना जाए कि इसका कारण भौगोलिक परिसीमन था? चूंकि परिसीमन के जरिये लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का काम 50 वर्षों से नहीं किया गया, इसलिए यह समय की मांग है कि अब यह किया जाए।

इसी उद्देश्य से सरकार ने सभी राज्यों की 50 प्रतिशत लोकसभा सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। चूंकि इससे हर राज्य का लोकसभा में प्रतिशत वही रहेगा, इसलिए परिसीमन विधेयक के विरोध का कोई औचित्य नहीं। संपादकीय आलेखnazariyaFri, 27 Nov 2026 11:24 PM (IST)जागरण संपादकीय: अनावश्यक आपत्ति।

समाचार स्रोत: DARSH NEWS

पाठक प्रतिक्रियाएं

इस श्रेणी की अन्य ख़बरें

होम
राजनीति
खेल
सिनेमा
वायरल