शनिवार, 28 नवंबर 2026 12:21 AM IST
DARSH NEWS
🌤️ 14°C
विचार अखिल भारतीय 16,385 व्यूज

विचार: मृत्युदंड को खत्म करने के खतरे

DARSH NEWS डेस्क • 25 Nov 2026, 11:36 PM IST
विचार: मृत्युदंड को खत्म करने के खतरे

जब अपराध की गंभीरता उम्र कैद को अपर्याप्त बना दे, तब मृत्युदंड ही न्याय की अंतिम अभिव्यक्ति बनता है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में मृत्युदंड पर रोक का विरोध किया। विधि आयोग ने मृत्युदंड को बनाए रखने की सिफारिश की थी।

भारत में मृत्युदंड 'दुर्लभ से दुर्लभतम' मामलों तक सीमित। प्रो. ऋतु सारस्वत।

हाल में संयुक्त राष्ट्र महासभा की समिति में मृत्युदंड के क्रियान्वयन पर रोक लगाने से संबंधित प्रस्ताव पर हुए मतदान ने एक बार फिर इस विषय को वैश्विक विमर्श के केंद्र में ला दिया। मेक्सिको द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के पक्ष में 133 देशों ने मतदान किया, जबकि 33 देशों ने इसका विरोध किया और 16 देश मतदान से दूर रहे।

भारत ने भी विरोध में मतदान किया। यह पहला अवसर नहीं, जब भारत ने इस तरह के प्रस्ताव का विरोध किया हो। 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा मृत्युदंड के क्रियान्वयन पर रोक लगाने संबंधी पहला प्रस्ताव आने के बाद से 2024 तक प्रत्येक अवसर पर भारत ने ऐसे प्रस्तावों के विरोध में अपना मत दर्ज कराया है।

हालांकि भारत में मृत्युदंड को समाप्त करने का प्रश्न स्वतंत्रता के बाद से ही विधायी और संवैधानिक विमर्श का विषय रहा है। स्वतंत्रता के तत्काल बाद भारतीय दंड संहिता की धारा-53 में संशोधन कर मृत्युदंड समाप्त करने से संबंधित एक विधेयक गृह मंत्रालय की स्थायी सलाहकार समिति के समक्ष भेजा गया।

विधेयक खारिज होने के बाद संविधान सभा के सदस्य जेडएच लारी ने संविधान में नया अनुच्छेद 11-बी जोड़ने का संशोधन प्रस्तुत किया। इसके अंतर्गत हिंसा के प्रयोग से जुड़े राजद्रोह को छोड़कर मृत्युदंड समाप्त करने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर अमियो कुमार घोष ने कहा कि वे सैद्धांतिक रूप से मृत्युदंड समाप्त करने के पक्ष में हैं, लेकिन इसे संविधान में शामिल करने के पक्ष में नहीं हैं।

उनका तर्क था कि ऐसा प्रविधान संविधान में शामिल करने से राज्य के हाथ बंध जाएंगे और भविष्य में परिस्थितियों मृत्युदंड देने का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। दूसरी ओर के. हनुमंथैया ने लारी के संशोधन का विरोध करते हुए कहा कि समाज केवल अपराधी के सुधार पर आधारित नहीं है, बल्कि दंड का भय भी अपराध नियंत्रण का एक महत्वपूर्ण आधार है।

उन तत्कालीन परिस्थितियों में राज्य की सुरक्षा और समाज की स्थिरता की दृष्टि से मृत्युदंड समाप्त करना उचित नहीं था। अंततः लारी का संशोधन मतदान में अस्वीकृत हो गया। इसके बाद भी वर्ष 1952 से 1962 के बीच इस उद्देश्य से संसद में छह अवसरों पर पहल की गई।

संसद में हुई इन पहलों के बाद मृत्युदंड के प्रश्न को विधि आयोग के विचारार्थ भेजा गया। विधि आयोग ने 1967 में अपनी 35वीं रिपोर्ट ‘कैपिटल पनिशमेंट’ प्रस्तुत की। आयोग ने स्पष्ट किया कि ‘भारत मृत्युदंड समाप्त करने का प्रयोग करने का जोखिम नहीं उठा सकता।

’ मृत्युदंड के औचित्य पर आयोग ने कहा, ‘मृत्युदंड का निवारक उद्देश्य उसका सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य है और यही उसके पक्ष में सबसे मजबूत औचित्य है। ’ आयोग ने भारतीय परिस्थितियों में मृत्युदंड बनाए रखने की सिफारिश की। मृत्युदंड को लेकर भारत में प्राचीन काल से ही संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ चिंतन-मनन होता रहा है।

महाभारत के शांतिपर्व में राजा द्युमत्सेन और उनके पुत्र सत्यवान के बीच इस विषय पर संवाद मिलता है। जब राजा द्युमत्सेन के आदेश पर कुछ अपराधियों को मृत्युदंड देने के लिए लाया गया, तब सत्यवान ने इसका विरोध करते हुए कहा, 'कभी धर्म अधर्म का रूप धारण कर लेता है और अधर्म धर्म का, किंतु किसी प्राणी की हत्या को धर्म नहीं कहा जा सकता।

' इसके विपरीत द्युमत्सेन ने अपराधियों को दंडित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यदि अपराधियों को दंडित नहीं किया जाएगा, तो समाज में अव्यवस्था फैल जाएगी। इमैनुएल कांट ने अपनी पुस्तक ‘द मेटाफिजिक्स आफ मारल्स’ में प्रतिशोधात्मक न्याय की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए कहा, 'यदि किसी व्यक्ति ने हत्या की है, तो उसे मृत्युदंड दिया जाना चाहिए।

न्याय की पूर्ति के लिए इसका कोई विकल्प नहीं हो सकता। ' उन दंड का आधार केवल अपराधी का सुधार अथवा भविष्य में अपराध रोकना नहीं, बल्कि अपराध के अनुरूप न्याय सुनिश्चित करना भी है। ‘द एथिक्स आफ कैपिटल पनिशमेंट’ पुस्तक के लेखक मैथ्यू एच.

क्रेमर मृत्युदंड के नैतिक औचित्य और उसके सामाजिक परिणामों का विश्लेषण करते हुए लिखते हैं, 'कुछ जघन्य अपराध केवल पीड़ित व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि समाज के नैतिक मूल्यों को भी गहरी क्षति पहुंचाते हैं। ऐसे अपराधों के प्रति समाज की नैतिक अस्वीकृति भी दंड के औचित्य से जुड़ा एक पक्ष है।

' सर्वोच्च न्यायालय ने भी ‘बचन सिंह बनाम पंजाब राज्य’ (1980) के निर्णय में इस विचार को रेखांकित किया कि कुछ अपराध इतने जघन्य होते हैं कि समाज उनके लिए कठोरतम दंड की अपेक्षा करता है, क्योंकि अपराधी अपने कृत्य के अनुरूप दंड का अधिकारी होता है। ऐसे अपराधों के प्रति समाज की नैतिक अस्वीकृति भी दंड के औचित्य का एक महत्वपूर्ण पक्ष है।

भारतीय न्याय परंपरा में न्याय, सामाजिक सुरक्षा और अपराध के अनुरूप दंड का विचार सदैव महत्वपूर्ण रहा है। भारत की न्यायिक व्यवस्था ने मृत्युदंड को सामान्य दंड के रूप में स्वीकार नहीं किया, बल्कि इसे केवल ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ मामलों तक सीमित रखा है। यह सिद्धांत इस बात को रेखांकित करता है कि जब अपराध की गंभीरता और परिस्थितियां आजीवन कारावास को अपर्याप्त बना दे, तब मृत्युदंड का प्रविधान न्याय की अंतिम अभिव्यक्ति बनता है।

(लेखिका समाजशास्त्री हैं) संपादकीय आलेखapnibaatWed, 25 Nov 2026 11:36 PM (IST)विचार: मृत्युदंड को खत्म करने के खतरे।

समाचार स्रोत: DARSH NEWS

पाठक प्रतिक्रियाएं

इस श्रेणी की अन्य ख़बरें

होम
राजनीति
खेल
सिनेमा
वायरल