Amitabh Bachchan Health Update: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर दिवाली के मौके पर चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) की शूटिंग रोक दी गई है। इस बीच बिग बी ने 8 नवंबर, रविवार तड़के अपने आधिकारिक ब्लॉग पर एक भावुक पोस्ट लिखकर फैंस को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिस हाथ से वह लिखते हैं, उसे चलाने में उन्हें परेशानी हो रही है। हालांकि, उन्होंने अपनी परेशानी की वजह या किसी बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी है। अमिताभ बच्चन ने दिवाली पर क्या बताया?
अमिताभ बच्चन ने रविवार तड़के अपने आधिकारिक ब्लॉग पर फैंस को दिवाली और चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में सभी के लिए सुख, शांति और मंगल की कामना की। बिग बी ने लिखा कि सबको दीपावली की अनेक अनेक शुभकामनाएं और चतुर्दशी की भी बधाई व स्नेह, आदर, शुभ मंगल की प्रार्थनाएं।
ईश्वर की कृपा हमेशा हमें घेरे रहे। इस शुभकामना संदेश के साथ उन्होंने अपनी एक परेशानी का भी जिक्र किया। अमिताभ ने बताया कि उन्हें फैंस और शुभचिंतकों से इतने बधाई संदेश और उपहार मिलते हैं कि उन्हें रखने के लिए जगह कम पड़ने लगी है।
वह इन संदेशों का जवाब खुद पत्र लिखकर देना चाहते हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें लिखने में कठिनाई हो रही है। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि वह उपहार भेजने वालों को अपनी तरफ से पत्र लिखकर जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं। वह चाहते हैं कि सभी को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद दे सकें, लेकिन ऐसा कर पाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने लिखा कि खुद जवाब देना चाहता हूं, लेकिन जिस हाथ से लिखते हैं, उस हाथ को चलाने में कष्ट हो रहा है। देरी के लिए माफी चाहता हूं। बिग बी के इस बयान के बाद उनकी सेहत को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, उनके ब्लॉग में हाथ में दर्द या परेशानी की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। यह भी नहीं बताया गया है कि उन्हें किसी खास बीमारी का पता चला है या वह किसी इलाज से गुजर रहे हैं। अमिताभ बच्चन लंबे समय से क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' को होस्ट कर रहे हैं।
शो की शूटिंग और उनके स्वास्थ्य को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स ने प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, KBC से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि अमिताभ बच्चन की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। इसी वजह से शो के नए एपिसोड की शूटिंग रोक दी गई।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उनकी तबीयत में सुधार होने के बाद शूटिंग दोबारा शुरू किए जाने की उम्मीद है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं