Dhanush Political Entry: साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर धनुष इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर भी सुर्खियों में हैं। पिछले कुछ समय से चर्चा है कि थलपति विजय के बाद धनुष भी तमिलनाडु की राजनीति में कदम रख सकते हैं। यहां तक कि उनके भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही थीं।
अब एक्टर ने इन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। धनुष को लेकर क्यों हो रही है चर्चा? चेन्नई में अपनी अपकमिंग फिल्म 'ओम: चैप्टर 1' के ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान धनुष ने साफ कहा कि उन्हें किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का समर्थन हासिल नहीं है।
उन्होंने अपने भगवान, फैंस और आम लोगों को ही अपनी ताकत बताया। बीजेपी के समर्थन की अटकलों पर धनुष का जवाब -चेन्नई के साईराम इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित फिल्म के ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में धनुष ने अपने बारे में चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके नाम को लेकर कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं और दावा किया जा रहा है कि कुछ लोग उनके पीछे खड़े हैं या उन्हें दिशा दिखा रहे हैं।
एक्टर ने इन बातों को खारिज करते हुए कहा- मेरे बारे में कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। लेकिन मेरे पीछे कोई नहीं है। मेरे भगवान और मेरे फैंस, इनके अलावा और कोई नहीं।
धनुष के इस बयान को बीजेपी से जुड़ी अटकलों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि एक्टर ने किसी पार्टी का नाम लेकर सीधे तौर पर टिप्पणी नहीं की। उन्होंने अपने फैंस और भगवान पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें किसी बाहरी ताकत के सहारे की जरूरत नहीं है।
ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान धनुष ने शिक्षा के क्षेत्र में भी एक अहम पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस साल छात्रों के लिए चार मुफ्त और एयर-कंडीशंड ट्यूशन सेंटर शुरू किए जाएंगे। उनका लक्ष्य अगले साल तक इस नेटवर्क का विस्तार तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों तक करना है।
धनुष के मुताबिक इस पहल की शुरुआत चेन्नई और कन्याकुमारी से होगी। उन्होंने बताया कि चेन्नई में तीन और कन्याकुमारी में दो सेंटर स्थापित करने की योजना है। इस घोषणा के बाद अभिनेता की राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
हालांकि धनुष ने इन सामाजिक पहलों को राजनीति से जोड़कर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी बातों को गलत तरीके से पेश करने और उनका मजाक बनाने वाले लोग हमेशा मौजूद रहते हैं। थलपति विजय के राजनीति में आने के बाद अब धनुष के भी अपनी पार्टी शुरू करने की चर्चाएं हैं।
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उनकी प्रस्तावित पार्टी का नाम 'तमिलगा एजुची कजगम' हो सकता है और इस नाम को चुनाव आयोग में रजिस्टर कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं