Ramayana: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में है। फिल्म में साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाया है लेकिन उनके कुछ एक्शन सीन्स को लेकर दर्शकों के बीच बहस छिड़ गई है। खासतौर पर सीता को युद्ध में हिस्सा लेते हुए दिखाए जाने पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आ रही है।
कुछ दर्शकों को यह नया अंदाज पसंद आया है, तो कुछ ने इसे रामायण की पारंपरिक कथाओं से अलग बताया है। अब रामानंद सागर के चर्चित टीवी सीरियल 'रामायण' में सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने भी इस विवाद पर अपनी बात रखी है। साई पल्लवी के एक्शन सीन पर क्या बोलीं दीपिका चिखलिया?
दीपिका चिखलिया ने हाल ही में 'द फ्री प्रेस जर्नल' को दिए इंटरव्यू में साई पल्लवी के एक्शन सीक्वेंस को लेकर हो रही चर्चा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर इस सीन की झलक देखी है लेकिन उन्हें वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास की रामायण में ऐसा कोई प्रसंग याद नहीं आता।
'हर रामायण की कहानी दूसरी से थोड़ी अलग है' -दीपिका चिखलिया ने कहा कि रामानंद सागर के सीरियल की कहानी भी मुख्य रूप से इन्हीं दोनों रामायणों पर आधारित थी। हालांकि, उन्होंने फिल्म के मेकर्स की रचनात्मक सोच को सीधे तौर पर गलत नहीं ठहराया। अभिनेत्री ने यह भी याद दिलाया कि देश में रामायण की 300 से ज्यादा अलग-अलग कथाएं और संस्करण प्रचलित हैं।
एक्ट्रेस के मुताबिक हर रामायण में कुछ न कुछ अंतर देखने को मिलता है। ऐसे में संभव है कि फिल्म के निर्माताओं ने किसी ऐसे संस्करण से प्रेरणा ली हो, जिसके बारे में उन्हें जानकारी न हो। दीपिका चिखलिया ने अपने बयान में कहा- हां, मैंने इंस्टाग्राम पर वह एक्शन सीक्वेंस देखा।
मुझे सच में नहीं पता। वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास की रामायण, जो हमारी रामायण का मुख्य आधार थीं, मुझे याद नहीं कि उनमें कहीं भी इस तरह के सीन थे लेकिन हमारे देश में 300 से ज्यादा रामायणें हैं। हर कहानी, हर रामायण दूसरी से थोड़ी अलग है।
इसलिए हो सकता है कि उन्होंने किसी ऐसी रामायण से कुछ लिया हो, जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है। दीपिका चिखलिया का ये जवाब काफी संतुलित रहा। उन्होंने न तो साई पल्लवी के अभिनय पर सवाल उठाया और न ही फिल्म के इस रचनात्मक फैसले को पूरी तरह खारिज किया।
उन्होंने अपनी जानकारी और उन ग्रंथों के आधार पर बात रखी, जिनसे वह खुद परिचित रही हैं। दीपिका चिखलिया ने ये भी बताया कि उन्होंने नितेश तिवारी की 'रामायण' अभी पूरी नहीं देखी है। फिलहाल उन्होंने सोशल मीडिया पर सिर्फ साई पल्लवी के एक्शन सीक्वेंस की झलक देखी है।
एक्ट्रेस ने कहा कि दिवाली के बाद उनकी पूरी फिल्म देखने की योजना है। ऐसे में फिल्म को लेकर उनकी राय फिलहाल सिर्फ वायरल हुए एक सीन और अपनी रामायण की समझ पर आधारित है। पूरी फिल्म देखने के बाद वह इसके दूसरे पहलुओं को भी बेहतर तरीके से समझ पाएंगी।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं