Delhi Bans Non-BS-6 Petrol and Diesel Vehicles: दिल्ली में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सरकार ने वाहनों को लेकर सख्त नियम लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत हर साल 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दूसरे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रजिस्टर्ड BS-6 से नीचे के पेट्रोल और डीजल वाहनों को दिल्ली में चलने की अनुमति नहीं होगी।
हालांकि, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को इस पाबंदी से छूट मिलेगी। दिल्ली सरकार ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। परिवहन विभाग के मुताबिक, यह नियम निजी वाहनों के साथ माल ढोने वाले वाहनों और बसों पर भी लागू होगा।
नियम तोड़ने वाले वाहनों को रोकने के लिए दिल्ली के प्रमुख प्रवेश रास्तों और टोल प्लाजा पर करीब 250 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इस कदम से सर्दियों में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। दिल्ली परिवहन विभाग की सार्वजनिक अधिसूचना , दूसरे राज्यों में रजिस्टर्ड BS-6 से नीचे के पेट्रोल और डीजल वाहन हर साल 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली में नहीं चल सकेंगे।
यह फैसला सर्दियों की कार्य योजना का हिस्सा है। इस दौरान दिल्ली की हवा सबसे ज्यादा खराब होती है। वाहनों के धुएं के साथ सड़क की धूल भी प्रदूषण बढ़ाती है।
1 नवंबर 2026 से BS-6 से नीचे के बड़े, मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों को भी दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा। दूसरे राज्यों से आने वाली बसों पर भी यह नियम लागू होगा। इसमें ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट के तहत चलने वाली बसें भी शामिल हैं।
नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने करीब 250 प्रवर्तन कर्मचारियों को तैनात किया है। ये कर्मचारी डीएनडी, रजोकरी-राष्ट्रीय राजमार्ग 48, गाजीपुर, सिंघू बॉर्डर, टीकरी और बदरपुर समेत प्रमुख प्रवेश रास्तों और टोल प्लाजा पर नजर रखेंगे। सरकार ने सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रतिबंध से बाहर रखा है।
परिवहन विभाग ने पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों को पत्र लिखकर इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और डीजल वाहनों को BS-6 मानकों के अनुरूप करने का आग्रह किया है। खराब हवा को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया है।
इसके तहत प्रदूषण की स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए आपात कदम उठाए जा रहे हैं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं