IPL में सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ग्रीस में एक निजी समारोह में सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए । शादी की पहली तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस नए जोड़े को जमकर बधाइयां मिल रही हैं।
अनिरुद्ध और काव्या की शादी को बेहद खास और निजी रखा गया था। समारोह में दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और चुनिंदा मेहमान शामिल हुए। सामने आई तस्वीरों में नवविवाहित जोड़ा पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहा है।
दोनों ने आइवरी रंग के खूबसूरत आउटफिट पहने हुए हैं। इनके कपड़ों पर शानदार कढ़ाई की गई थी। वहीं, काव्या पर्ल ज्वेलरी में बेहद खूबसूरत दिखाई दीं।
पीछे सफेद फूलों से की गई सजावट ने शादी के माहौल को और खास बना दिया। शादी से पहले 10 नवंबर को ग्रीस में पारंपरिक तरीके से सगाई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इसमें परिवार के करीबी लोगों के अलावा साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत भी शामिल हुए थे।
रजनीकांत के साथ उनकी बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत भी समारोह में पहुंची थीं। इसके अलावा तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन भी इस खास मौके पर मौजूद रहे। कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन?
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ सिनेमा के सबसे लोकप्रिय संगीतकारों में गिने जाते हैं। उन्हें फिल्म '3' के गाने 'व्हाई दिस कोलावेरी डी' से देशभर में पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने 'जेलर', 'विक्रम', 'लियो' और 'जवान' जैसी बड़ी फिल्मों के लिए शानदार संगीत दिया।
काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। वह सन टीवी नेटवर्क की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर होने के साथ आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद से भी जुड़ी हुई हैं। आईपीएल मैचों और नीलामी के दौरान उनकी मौजूदगी अक्सर चर्चा में रहती है।
ग्रीस में निजी समारोह में शादी करने के बाद दोनों परिवार चेन्नई में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित करने वाले हैं। यह कार्यक्रम 21 नवंबर को होगा। इसमें फिल्म, राजनीति, कारोबार और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं