भोपाल/रीवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 28 नवंबर को रीवा जिले में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को कांग्रेस से खतरा है और जनता अपनी वोट की ताकत से लोकतंत्र की रक्षा करती आई है। पदयात्रा में हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने आपातकाल लागू कर अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित कई नेताओं को जेल में डाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान में संशोधन और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता के लिए घुसपैठियों और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की आवश्यकता बताई।
उनके मुताबिक, कांग्रेस मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की विशेषता है कि सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, जरूरतमंदों, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.
70 लाख रुपये हो गई है। इसी तरह, उन प्रदेश में बिजली उत्पादन 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 30 हजार मेगावाट तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सांदीपनि विद्यालयों की सौगात दी जा रही है।
सिंचाई के लिए स्लीमनाबाद टनल तैयार की गई है और अगले साल तक रीवा एवं विंध्य क्षेत्र के किसानों को मां नर्मदा का पानी मिलने लगेगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश के सम्मान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने की अपील भी की। डॉ.
यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता को अपना अधिकार और लोकतंत्र को अपनी जागीर समझती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता न्यायालय और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं। चुनाव में जीत मिलने पर वे चुप रहते हैं, जबकि हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सत्ता को प्राथमिकता दी और गरीबों, किसानों, युवाओं तथा महिलाओं के साथ अन्याय किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की शक्ति सबसे बड़ी होती है और केवल भीड़ जुटाने से देश की सत्ता पर कब्जा नहीं किया जा सकता।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं