क्रिकेट के मैदान पर कई ऐसे विवाद हुए हैं, जिन्होंने खेल की छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के इतिहास में 2018 का केपटाउन टेस्ट भी ऐसी ही एक घटना के रूप में दर्ज है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस मुकाबले में गेंद से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया गया था।
इस घटना को लेकर आठ साल बाद भी सवाल खत्म नहीं हुए हैं। अब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'Sabr' में किए गए खुलासों ने इस पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मामले को फिर से खोलने का फैसला लिया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बनाएगा स्वतंत्र फोरम विवाद को खत्म करने और सभी पक्षों को अपनी बात रखने का मौका देने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड अब 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बयान सुनने के लिए एक स्वतंत्र फोरम बनाएगा।
इसमें सभी लोग गोपनीय और सुरक्षित माहौल में अपना पक्ष रख सकेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगने की उम्मीद है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन डेविड बून और सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने साफ किया है कि यह पुरानी जांच दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया नहीं है।
किसी खिलाड़ी पर फिर से मुकदमा नहीं चलेगा और न ही कोई नई सजा दी जाएगी। फोरम में शामिल होना भी पूरी तरह खिलाड़ियों और स्टाफ की इच्छा पर निर्भर करेगा। ग्रीनबर्ग ने स्वीकार किया कि 2018 में टीम के भीतर मौजूद संस्कृति में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की भी भूमिका थी।
उन्होंने बताया कि एथिक्स सेंटर की रिपोर्ट की 42 सिफारिशों में से 36 को अपनाया गया था। वहीं, डेविड बून का मानना है कि इस प्रक्रिया से पुराने विवाद को पीछे छोड़कर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया कि टीम के सभी खिलाड़ियों को गेंद पर सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी।
इसके बाद डेविड वॉर्नर और चाड सायर्स ने भी ख्वाजा के दावे का समर्थन किया। वहीं, मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस अपने इस रुख पर कायम हैं कि गेंदबाजों को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी। मिचेल मार्श ने इस मामले पर चुप्पी बनाए रखी है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं