प्रधानमंत्री मोदी ने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना और आसियान पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा का प्रस्ताव रखा। आसियान शिखर सम्मेलन में PM मोदी। (X- @MEAIndia) दीर्घकालिक भारत-आसियान समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव।
आसियान पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा की घोषणा। हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता पर जोर दिया। पीएम नरेंद्र मोदी ने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में दीर्घकालिक आसियान-भारत समुद्री सहयोग योजना का प्रस्ताव दिया है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में कनेक्टिविटी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, कोस्ट गार्ड सहयोग और नाविकों की सुरक्षा को मजबूत करेगी।
आसियान देश भी इस प्रस्ताव को लेकर सकारात्मक हैं। अगर इस बारे में ठोस कदम उठाया जाता है तो हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन की आक्रामक रवैये के खिलाफ आसियान देशों के साथ सहयोग स्थापित करने में जुटे भारत की कोशिश की यह भारी जीत होगी। पीएम मोदी ने आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा और आसियान-भारत परमाणु ऊर्जा तकनीकी आदान-प्रदान का भी सुझाव दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच सहयोग और गहरा होगा।
शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि, “पिछले कुछ वर्षों में दुनिया एक के बाद एक अनेक संकटों से गुजरी है। आज दुनिया को सबसे अधिक आवश्यकता है, शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता की। इस संदर्भ में इस वर्ष की थीम, “नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टूगेदर” विशेष महत्व रखती है।
भारत और आसियान मिलकर विश्व की लगभग एक-चौथाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय हो। हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।
पिछले बारह वर्षों में हमने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देनी है। इस साझेदारी में आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटल है और अटल रहेगी।
आज की बैठक हमारी व्यापक सामरिक साझेदारी को नई ऊंचाई प्रदान करेगी और एक सुरक्षित, समावेशी, समृद्ध इंडो-पैसिफिक के निर्माण में योगदान देगी। पीएम मोदी ने आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई तथा कहा कि आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों पक्षों के लोगों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करेंगे।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं